यूरोप

दुनिया के सबसे युवा राष्ट्र प्रमुख बनने की राह पर ऑस्ट्रिया के सेबेस्टियन कुर्ज

सेबेस्टियन ऑस्ट्रिया के सबसे युवा राष्ट्र प्रमुख बनने की दहलीज पर हैं।
2 min read
austrian Sebastian Kurz
austrian Sebastian Kurz

विएना. ऑस्ट्रिया में विद्वान बच्चा और मसीहा के नाम से मशहूर कंजरवेटिव नेता 31 वर्षीय सेबेस्टियन कुर्ज दुनिया के सबसे युवा राष्ट्र प्रमुख बनने की दहलीज पर हैं। सेबेस्टियन की पीपुल्स पार्टी को रविवार को ऑस्ट्रिया में हुए चुनावों में 31 फीसदी मत मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि पीपुल्स पार्टी सरकार बनाने के लिए अप्रवासन विरोधी फ्रीडम पार्टी के साथ गठबंधन कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो सेबेस्टियन ऑस्ट्रिया के चांसलर बन जाएंगे। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पा रहा है कि सोशल डेमोक्रेट्स या धुर दक्षिणपंथी कही जाने वाली फ्रीडम पार्टी में से कौन दूसरे स्थान पर पहुंचेगा। अपने समर्थकों से सेबस्टियन ने कहा कि अब राजनीति में नए तौर-तरीके अपनाने का समय आ गया है। आज हमें एक जबर्दस्त जनादेश मिला है, इस मुल्क को बदलने के लिए और मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने इसे मुमकिन बनाया है। ऑस्ट्रिया में चुनाव नतीजों की विस्तृत घोषणा 19 अक्टूबर को होगी और 31 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर चुनाव नतीजों के परिणाम आएंगे।

यूरोप के सबसे कम उम्र के विदेश मंत्री
इस चुनाव के काफी पहले सेबस्टियन ऑस्ट्रिया व यूरोप के सबसे युवा विदेश मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। साल 2013 में जब उन्हें ये जिम्मेदारी दी गई थी, उस वक्त सेबस्टियन महज 27 साल के थे। मई, 2017 में उन्होंने पीपुल्स पार्टी की कमान संभाल ली। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पार्टी की यूथ विंग से की थी। विएना की सिटी काउंसिल के लिए चुने जाने से पहले वे यूथ विंग की कमान संभाल चुके थे।

ऐसा शख्स जो पानी पर भी चल सकता है
ऑस्ट्रिया की राजनीति में सेबेस्टियन को वुंडरवुज्जी के नाम से भी जाना जाता है, जिसका मतलब है, 'ऐसा शख्स जो पानी पर भी चल सकता है। सेबेस्टियन की तुलना फ्रांंस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से हो रही है। मैक्रॉन की तरह सेबस्टियन ने भी अपने इर्द-गिर्द एक माहौल बना लिया है।


30 से सत्तारूढ़ पीपुल्स पार्टी को बदलने में कामयाब
सेबेस्टियन 30 साल से सत्तारूढ़ पीपुल्स पार्टी को न्यू पीपुल्स पार्टी के तौर पर पेश करने में कामयाब होते दिख रहे हैं।

Published on:
16 Oct 2017 04:38 pm