
लंदन।ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को नए पद की जिम्मेदारी संभाल ली। ब्रेक्जिट को लेकर यूरोपीय संघ के साथ समझौता संसद से पास न करा पाने के बाद थेरेसा मे ने बीते दिनों इस्तीफा दे दिया। ब्रिटेन की सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता के लिए हुए चुनाव में बोरिस जॉनसन का मुकाबला जेरेमी हंट से था। मगर विवादों से घिरे रहने के बाद भी उन्होंने यह जीत हासिल की। उनकी तुलना अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की जा रही है। ट्रंप ने ट्वीट कर जॉनसन को बधाई दी है।
कई किरदार में रह चुके हैं बोरिस जॉनसन
बोरिस ने परंपरागत राजनीति को चुनौती दी है। बोरिस जॉनसन कई किरदार में रह चुके हैं। उन्होंने एक पत्रकार, सांसद, मेयर और विदेश मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक सफर तय किया है। व्यक्तिगत जीवन में उन्हें मिलना जुलना अच्छा लगता है और शायद यही उनके आकर्षण का राज है। उन्हें एक तेज दिमाग और मेहनती शख्स के रूप में देखा जाता है।
अपनी पत्नी से अलग होने के बाद से वह हाल ही में मीडिया की सुर्खियो में छाए रहे। राजनीतिक जीवन में भी उनके कम विवाद नहीं रहे हैं। लंदन के मेयर रह चुके बोरिस जॉनसन अपनी हेयर स्टाइल के लिए काफी मशहूर हैं। सार्वजनिक जगहों पर भी वो अजीब से बिखरे बालों में ही नजर आते हैं।
भारत से है खास कनेक्शन
बोरिस के भारत से न सिर्फ़ राजनीतिक बल्कि निजी रिश्ते भी हैं। उनकी तलाकशुदा पत्नी मरीना व्हीलर क्यूसी का भारत से संबंध रहे हैं। मरीना की मां भारतीय मूल की हैं। उनका नाम दीप व्हीलर है। वह एक सिख परिवार से ताल्लुक रखती हैं। बोरिस और तलाकशुदा पत्नी कई बार भारत आए हैं। बोरिस जब भी भारत आते थे तो वो अपनी पत्नी के परिवार के यहां दिल्ली या मुंबई में रुका करते थे।
ऐसा था जॉनसन का जीवन
जॉनसन ने अपने करियर की शुरुआत द टाइम्स में एक पत्रकार के रूप में की थी। कथित तौर पर उन्हें एक खबर को लेकर बर्खास्त किया गया था। बाद में उन्होंने द डेली टेलीग्राफ के लिए ब्रसेल्स संवाददाता के रूप में काम किया। वे 1994 में टेलीग्राफ के सहायक संपादक बने। 1999 में उन्होंने टेलीग्राफ को छोड़ दिया। वह द स्पेक्टेटर के संपादक बने।
कई धर्मों से नाता
आधिकारिक जन्म रिकॉर्ड के अनुसार बोरिस जॉनसन के दादा उस्मान विल्फ्रेड केमल हैं। जॉनसन के परदादा,अली केमल 1900 के दशक की शुरुआत में एक तुर्की के पत्रकार और राजनीतिज्ञ थे। इसके अलावा, उनके पिता के अन्य वंशों में अंग्रेजी और फ्रेंच शामिल हैं। इसमें ग्रेट ब्रिटेन के राजा जॉर्ज द्वितीय का वंश भी शामिल है। जॉनसन की माँ चार्लोट फॉकेट थी, एक कलाकार, जिसने 1963 में अमेरिका जाने के लिए स्टेनली से शादी की थी।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..