Farrukhabad Fire Accident:फर्रुखाबाद के समैचीपुर चितार गांव में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने 11 झोपड़ियां जला दीं। तेज हवा से आग फैल गई। लाखों का नुकसान हुआ, कई परिवार बेघर हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
Farrukhabad News:फर्रुखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गंगा कटरी इलाके में स्थित समैचीपुर चितार गांव में एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते तबाही मचा दी। चूल्हे पर खाना बनाते समय उठी चिंगारी तेज हवा के कारण इतनी तेजी से फैली कि करीब 11 झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। इस भीषण आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया और कई परिवारों के सिर से छत छिन गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सोहेल की पुत्री असरीना सुबह खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने झोपड़ी में आग पकड़ ली। तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे आसपास की झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग बाल्टियों और पानी के सहारे आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सुबह करीब 8 बजे मौके पर पहुंची, जबकि दमकल टीम करीब 9 बजे पहुंची। तब तक ग्रामीण करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा चुके थे। आग बुझाने में ग्राम प्रधान ताराबानो के पुत्र शिजवान ने गंगा नदी से पंप सेट लगाकर अहम योगदान दिया। हालांकि राजस्व और पशुपालन विभाग की टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।
इस आगजनी में अकीशन बेगम की झोपड़ी पूरी तरह जल गई, जिसमें करीब 81 हजार रुपये की नकदी भी राख हो गई और दो जानवर झुलस गए। वहीं ईदुल की झोपड़ी के साथ 31 हजार रुपये की नकदी भी जल गई। इसके अलावा सुहेल, नौशाद, शमशाद, मयशाद, हासमा बेगम, शाहरुख, हुस्न मोहम्मद, नजरुल और खान मोहम्मद समेत कई परिवारों का सब कुछ खत्म हो गया।
फिलहाल करीब 11 परिवार बेघर हो गए हैं और दूसरों के सहारे या पेड़ों के नीचे शरण लेने को मजबूर हैं। गांव में मातम का माहौल है और पीड़ित महिलाएं राख के ढेर में अपनी बची-खुची गृहस्थी तलाश रही हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द राहत और मुआवजे की मांग की है। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान बेहद बड़ा है।