
फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज में देर रात खुशी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। बारात चढ़ने की तैयारियां चल रही थीं और सभी लोग जश्न के माहौल में डूबे थे। इसी दौरान एक सड़क हादसे ने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। जानकारी के मुताबिक, कासगंज जिले के पटियाली क्षेत्र के नगला आमेर निवासी रजनेश, शिवम और आशीष (20) रात करीब 10:15 बजे मुख्य मार्ग पर पैदल जा रहे थे। तभी कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस ने आगे चल रही कार को ओवरटेक करते समय आशीष को टक्कर मार दी।
हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर मौजूद बरातियों में आक्रोश फैल गया। घटना के तुरंत बाद कुछ बराती कार से बस का पीछा करने लगे। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कस्बा के रेलवे स्टेशन तिराहे पर बरातियों ने रोडवेज बस को रोक लिया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी और मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे हालात बेकाबू होने लगे।
बस चालक किसी तरह वहां से निकलकर सीधे थाने पहुंचा और अपनी जान बचाई। चालक ने थाने के सामने बस रोक दी और दौड़ते हुए अंदर चला गया। उसके पीछे-पीछे बरातियों की भीड़ भी पहुंच गई और बस को चारों ओर से घेर लिया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे और लगातार हंगामा करते रहे।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बरातियों को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद मामला कुछ हद तक शांत हुआ। वहीं घायल आशीष को तुरंत कार से फतेहगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में युवक घायल हो गया था। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोडवेज बस चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधि कार्यवाही की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
Updated on:
17 Apr 2026 01:49 am
Published on:
17 Apr 2026 01:46 am
बड़ी खबरें
View Allफर्रुखाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
