
फोटो सोर्स- X वीडियो ग्रैब
Uproar in Farrukhabad over removal of liquor shop, stones pelted at police: फर्रुखाबाद में एक श्रमिक की मौत के बाद ग्रामीण इतने आक्रोशित हो गए कि डेढ़ सौ की संख्या में प्रदर्शन करने पहुंच गए और उन्होंने शराब ठेके को हटाने की मांग करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी बातचीत के दौरान विवाद हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव इतना जबरदस्त था कि पुलिस को मौके से भागना पड़ा। दो दरोगा सहित एक सिपाही को चोट लगी। मौके पर पांच थाना पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बल प्रयोग करके भीड़ को खदेड़ा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि शराब ठेका हटाने को लेकर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला राजेपुर थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के चाचूपुर जटपुरा निवासी ब्रजेश राजपूत (25) शुक्रवार की रात घर से शराब पीने के लिए निकला था फिर वापस नहीं लौटा। घर वालों ने खोज की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार को बृजेश राजपूत का शव शराब ठेके से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर नाले में मिला। ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि शराब ठेका हटाया जाए।उन्होंने शव को शराब ठेके के सामने रखकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान ठेके में तो तोड़-फोड़ किया गया।
पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और तो हालत और भी खराब हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और डंडों से भी हमला बोला। जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। ग्रामीणों के हमले में दरोगा कपिल कुशवाहा और दरोगा नागेंद्र सिंह सहित सिपाहियों को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों के हमले से पुलिस को मौके से भागना पड़ा।
पुलिस पर हमले की जानकारी मिलने पर मौके पर एएसपी गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय, सीओ सिटी अभय वर्मा, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा सहित पांच थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए बल प्रयोग किया। लाठी चार्ज करके भीड़ को तितर-बितर किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ठेका सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नाले में एक 24 वर्षीय बृजेश की बॉडी मिली। स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा था। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी कर दी। हल्का बल प्रयोग करके स्थिति को नियंत्रण में किया गया। शवको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
Updated on:
10 May 2026 08:24 am
Published on:
10 May 2026 08:24 am
