
फोटो सोर्स- X Yogi Adityanath
91-km long link expressway in Farrukhabad: फर्रुखाबाद में 91 किलोमीटर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रस्तावित है। जिसके लिए भूमि अधिग्रहित की जा रही है। लेकिन सर्किल रेट के हिसाब से किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है, जिससे उनमें नाराजगी है। इस संबंध में बीजेपी सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें भूमि अधिग्रहित से संबंधित होने वाली समस्या से अवगत कराया। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वर्तमान में सर्किल रेट बाजार भाव से काफी कम है। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आश्वासन दिया है कि फिर से पुनः सर्वे करा कर बाजार मूल्य के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में 91 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है। जिसके लिए भूमि अधिग्रहित की जा रही है, लेकिन किसानों को सर्किल रेट से मुआवजा दिया जा रहा है। इस संबंध में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील कुमार शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने मुख्यमंत्री से भेंट की। इस मौके पर एक पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया है।
दिए गए पत्र में बताया गया है कि किसानों की अधिग्रहित की जा रही भूमि का मुआवजा सर्किल रेट में दिया जा रहा है। इन गांवों में सर्किल रेट बाजार भाव से काफी कम है। पत्र में सबलपुर, हाथीपुर, नयागांव, उजरामऊ, मदनपुर सिरौली भूटासी, गांधी, अदिअली आदि गांव में बाजार भाव से काफी कम सर्किल रेट है। पत्र में बताया गया है खिमसेपुर नगर पंचायत में औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने के बाद भी सर्किल रेट 25 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर है जबकि नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में 2 करोड़ 25 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर है।
किसानों की समस्याओं को रखते हुए उन्होंने बताया कि यदि किसानों को सर्कल रेट से दोगुना मिलता है, तब भी किसान अपनी जमीन देकर दूसरी जगह जमीन नहीं खरीद सकते हैं। इसलिए लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि पर सर्किल रेट को बढ़ाकर बाजार भाव के मूल्य के बराबर करने की मांग की गई।
इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत ने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे फर्रुखाबाद का विकास होगा। उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जमीन का एक बार फिर सर्वे कराया जाएगा और सर्किल रेट से 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा।
Updated on:
05 May 2026 03:04 pm
Published on:
05 May 2026 03:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
