फतेहपुर

कर्ज के बोझ और तनाव के बीच टूटा जीवन, मालगाड़ी के सामने कूदकर युवक ने की आत्महत्या

Fatehpur suicide case:फतेहपुर में कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान 29 वर्षीय अंशुमान गुप्ता ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की है, प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया गया है।

2 min read
Apr 22, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी कस्बा निवासी 29 वर्षीय अंशुमान गुप्ता ने सोमवार को मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना राधानगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अंशुमान गुप्ता पिछले लगभग दस वर्षों से कपड़े का व्यवसाय कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, कोरोना काल के बाद से उनका कारोबार लगातार घाटे में चल रहा था, जिसके चलते उन पर कर्ज का बोझ बढ़ता गया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे मानसिक तनाव में थे। जिसके चलते वह ज्यादा किसी से बातचीत भी नहीं करते थे।

मृतक के पिता गंगासागर ने बताया कि लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान और बढ़ते कर्ज के कारण अंशुमान गुप्ता लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। परिवार पर बढ़ते वित्तीय बोझ ने उनकी स्थिति को और गंभीर बना दिया था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बैंक और अन्य निजी देनदारों की ओर से कर्ज वसूली को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वे और अधिक परेशान हो गए थे। परिजनों का कहना है कि आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव के चलते अंशुमान सामान्य जीवन नहीं जी पा रहे थे।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आर्थिक तनाव की बात सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और किसी से बातचीत की स्थिति में नहीं हैं। स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।

Updated on:
22 Apr 2026 04:48 pm
Published on:
22 Apr 2026 04:45 pm