UP News: फतेहपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं उन्होंने मायावती के साथ गठबंधन को लेकर भी बड़ा खुलासा किया।
UP Politics: फतेहपुर में मीडिया से बात करते हुए सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि मौजूदा सरकार जनता के साथ अन्याय कर रही है। अखिलेश यादव ने ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह डील देश के किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्योगों के खिलाफ है। इससे आम आदमी का नुकसान हो रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े कारोबारियों को फायदा पहुंचा रही है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग पर बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियां देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर रही हैं।
अखिलेश से मायावती के साथ विधानसभा चुनाव 2027 में गठबंधन की संभावना के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया। अखिलेश ने कहा कि हम लोगों ने तो बहुजन समाज से गठबंधन किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही पिछड़े वर्ग, मुस्लिम भाइयों और दलितों के साथ मिलकर काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उनकी पार्टी ने उन सभी लोगों से गठबंधन किया है, जो इस सरकार से दुखी हैं। जिनके साथ व्यवहार खराब हो रहा है, जिन्हें अपमानित किया जा रहा है, वे सभी हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि सपा हर उस व्यक्ति और समुदाय के साथ खड़ी है, जो बीजेपी की नीतियों से परेशान है। अखिलेश ने यह भी जताया कि उनका गठबंधन सामाजिक न्याय और समानता पर आधारित है।
अखिलेश ने जनता से अपील की कि वे एकजुट होकर बदलाव लाएं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन काम कुछ नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। अखिलेश ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आई तो इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता से हल करेगी।
अखिलेश ने बीजेपी पर परिवारवाद का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी विकास और समाज सुधार के लिए काम कर रही है। उन्होंने फतेहपुर की जनता से समर्थन मांगा और कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी मजबूत होकर वापसी करेगी।