महेंद्रनाथ पांडे ने एएमयू में जिन्ना की फोटो लगे होने के सवाल को फिजूल बताया।
फिरोजाबाद। रात्रि प्रवास के कार्यक्रम में सुहागनगरी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे ने कानून व्यवस्था को बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथकाम कर रहे हैं। उन्होंने एएमयू में जिन्ना की फोटो लगे होने के सवाल को फिजूल बताया। उन्होंने कहा कि यह फिजूल का मामला है। बेवजह इस मामले को तूल दिया जा रहा है। इस दौरान वह मीडिया के सवालों से भी बचते नजर आए। उन्होंने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी बात की।
कानून व्यवस्था पर जनता से लेंगे फीड बैक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ ? पांडेय गुरूवार को सुहागनगरी के शिकोहाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक है। मुख्यमंत्री से इस पर और चर्चा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से इस पर फीड बैक लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
मिशन 2019 को करना है पूरा
इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन 2019 का प्लान तैयार है। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्टी को और मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। जिला और शहर कार्यकारिणी को मजबूत बनाने को लेकर पार्टी नेता प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं। उनके नाम चिन्हित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को लेकर उनकी समस्याओं को पार्टी फोरम में उठाया जाएगा।