
फिरोजाबाद। पांच राज्यों में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। यहां चुनाव समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी राजनैतिक दल अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा और सपा चुनावी भूमि तैयार करने में लगे हुए हैं। सपा नेताओं द्वारा जगह—जगह बैठकें आयोजित की जा रही हैं तो भाजपा का एक बड़ा कुनबा फिरोजाबाद में चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटा है। बसपा लोकसभा चुनाव से पहले सुस्त पड़ गई है। विगत छह माह के अंदर पार्टी की कोई भी बड़ी बैठक नहीं हुई है।
गठबंधन से लड़ेंगे चुनाव
समाजवादी पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर अधिक गंभीर नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी गठबंधन पर चुनाव लड़ने की बात कह रही है। हालांकि इस मामले को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के बीच बातचीत हो चुकी है। ऐसे में सपा का मानना है कि गठबंधन होने पर दलित समाज का वोट समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को मिलेगा।
बसपा से दो बार रहे हैं विधायक
इस जिले में बसपा का वोट बैंक भी कम नहीं है। राकेश बाबू एडवोकेट लगातार दो बार टूंडला विधानसभा से विधायक चुने गए। उनके बेटे प्रमोद कुमार को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया गया था। आगरा—अलीगढ़ मंडल प्रभारी हेमंत कुमार भी फिरोजाबाद के हैं। ऐसे में बसपा का इस जिले में सुस्त होना किसी की समझ में नहीं आ रहा है। विगत छह महीनों से बसपा का कोई भी नेता इस जिले में न तो बैठक करने आया और न हीं पदाधिकारियों की ही बैठक ली। इससे माना जा रहा है कि बसपा गठबंधन होने पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन करेगी। यहां यह सवाल भी खड़ा होता है कि अभी तक बसपा के पदाधिकारी भी सपा को लेकर चुप्पी साधे हैं। अब आने वाला समय बताएगा कि राजनीति में किस प्रकार की हलचल होगी।