मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपए की सहायता देने की घोषणा की है।
फिरोजाबाद। आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख और मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित बीमा योजना के तहत पांच लाख कुल 10 लाख रूपए देने की घोषणा की है। इसकी पुष्टि डीएम नेहा शर्मा ने की है। मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भी उनके घर पहुंचे जहां सांत्वना व्यक्त करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की।
घर के सामने मारी थी गोली
थाना उत्तर क्षेत्र के दयाल नगर नगर गली नंबर दो निवासी 34 वर्षीय संदीप शर्मा पुत्र हरीश चंद्र अपने घर से खाना खाकर गली के बाहर आए थे। तभी सफेद रंग की पर सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी थी जिसमें संदीप शर्मा की छाती में गोली लगने से वह मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़े थे। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए थे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। घटना को लेकर जिले भर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
मुख्यमंत्री कोष से मिलेगी मदद
घटना की जानकारी भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी। उन्होंने संघ कार्यकर्ता की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को हिम्मत बंधाने की अपील की। शाम को कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ सिटी डाॅ. अरूण कुमार को निर्देशित किया। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच और बीमा योजना के तहत पांच कुल 10 लाख रूपए शीघ्र सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया।