पेट्रोल, डीजल मूल्य वृद्धि को लेकर केन्द्र सरकार का किया पुतला दहन।
फिरोजाबाद। पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। वहीं नारेबाजी कर मूल्य वृद्धि को वापस लिए जाने की मांग की। कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री पर लचीले भाषण देकर जनता का विश्वास जीतने और बाद में उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया।
भाजपा सरकार में बढ़ी महंगाई
भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा डीजल एवं पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्वि करके आम जनमानस की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने कश्मीरी गेट चौराहे पर केन्द्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाश निधि गर्ग ने कहा कि खाद्य प्रदार्थों एवं पेट्रोलियम पदार्थों की दरों को सस्ता करने का ढिढोंरा पीटने वाली भाजपा सरकार ने डीजल और पेट्रोल के दामों को आसमानों पर पहुंचा दिया है। जिससे आम जनता त्राहि-त्राहि करने लगी है। प्रधानमंत्री ने लचीले भाषण देकर जनता को लूटने का कार्य शुरू कर दिया है।
चार साल में आसमान पर पहुंचे दाम
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले चार सालों में डीजल व पेट्रोल के दाम आसमान पर पहुंच गये हैं। कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष साजिद बेग ने कहा है कि डीजल व पेट्रोल के दामों की वृद्वि का असर मध्यम वर्ग पर सबसे अधिक पड़ेगा। डीजल के दाम बढ़ने से माल भाड़े में वृद्वि होगी इसका सीधा असर खाद्य पदार्थों व अन्य जरूरतमंद चीजों पर पड़ेगा। भाजपा सरकार देश को गर्त की ओर ले जा रही है। देश की जनता भाजपा को जवाब देने को तैयार है। 2019 के चुनाव में भाजपा को अपनी औकात का पता चल जायेगा। पुतला दहन के समय कांग्रेसजनों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुतला दहन करने वालों में बकार अहमद, चांद कुरैशी, मुहम्मद सलीम, लाला राईन, मोहम्मद वसीम, मजहर बेग, अनस खान, इरफान खान, मौ. शकीर, आदिल, यासीन, कल्लू आदि मौजूद रहे।