— बदमाशों ने दो सिपाहियों को भी पीटा, तीन लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। चेकिंग कर रही क्राइम ब्रांच की टीम पर अपाचे सवार बदमाशों ने हमला बोल दिया। दो सिपाहियों की पिटाई कर दी। बचाने आए दुकानदार को भी नहीं बख्शा। उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर दी गई। सूचना पर उत्तर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और आरोपित तीन सगे भाई गिरफ्तार कर लिए, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए।
दो दिन पहले की थी लूट
दो दिन पहले शहर में अपाचे बाइक सवार लुटेरों ने राहगीरों से लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इनकी धरपकड़ के लिए गुरुवार देर रात तक शहरी क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहरी सुभाष तिराहे पर क्राइम ब्रांच की टीम वाहन चे¨कग कर रही थी। इसी दौरान खैरगढ़ क्षेत्र के शेखपुरा निवासी तीन सगे भाई लवकुश, सोना और धीरज पुत्रगण संतोष अपाचे बाइक पर सवार होकर यहां से गुजर रहे थे। सादा कपड़ों में चेकिंग कर रहे सिपाही अरुण और नदीम ने उन्हें रोका तो वे अभद्रता करने लगे। उन्होंने अपने साथियों को फोन कर दिया। कुछ देर में जैन नगर निवासी कुछ युवक आ गए और फिर पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। सिपाही अरुण और नदीम की पिटाई करने लगे।
बचाने आया था दुकानदार
समीपवर्ती दुकानदार बॉबी गुप्ता उन्हें बचाने आया तो उसके साथ अभद्रता करते हुए उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस पर हमले की सूचना पर उत्तर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और तीनों सगे भाइयों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनके अन्य साथी भाग गए। घायल सिपाहियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। सीओ सिटी संजय वर्मा थाने पहुंचे और आरोपितों से पूछताछ की। आरोपितों में दो ट्रांसपोर्ट कारोबारी भी हैं। इस मामले में उत्तर इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार दुबे का कहना है कि हमलावरों में लवकुश और सोना की राजा का ताल क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनी है। ये दोनों जैन नगर में रहते हैं, जबकि धीरज खेती करता है। फरार दो हमलावरों की तलाश की जा रही है।