फिरोजाबाद

सुहाग नगरी में खूनी हो चुके हैं ये चौराहे, डीएम ने की लोगों से अपील

डीएम ने ट्रैफिक सिस्टम बदलने के दिए निर्देश
2 min read
• •
Updated: 3 May 2018, 8:22 AM IST
road accident

फीरोजाबाद। यदि आप जिले की सीमा में हैं और सड़क पर चल रहे हैं तो जरा सावधान हो जाइए। यहां के कई रास्ते, चौराहे और तिराहे खूनी हो चुके हैं। ये हादसों के लिए बदनाम हैं। अब तक कई लोग जान गंवा चुके हैं। आपके साथ हादसा ना हो इसके लिए जागरूक रहना जरूरी है। प्रशासन ने जिले में ऐसे 10 स्थान चिह्नित कर वहां विशेष संकेतक लगवाने का फैसला किया है।

तीन सदस्यीय टीम ने की थी जांच
आए दिन होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम के लिए डीएम नेहा शर्मा ने तीन सदस्यीय टीम बनाकर उन स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे, जो दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र हैं। इस टीम में सीओ ट्रैफिक, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को शामिल किया गया था। टीम ने जो रिपोर्ट सौंपी है उसके अनुसार जिले में दस स्थानों पर सर्वाधिक हादसे होते हैं।

हादसों वाले स्थान पर लगेंगे संकेतक
इनमें से उसयानी, एटा और मैनपुरी चौराहे पर फ्लाईओवर बनाने का काम चल रहा है। हादसे न हों इसके लिए विशेष प्रकार के संकेतक लगाने का सुझाव टीम ने दिया है। डीएम ने इस सुझाव पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। निर्धारित गति में वाहन चलाएं, दो पहिया वाहन चालक हेलमेट और चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। इनसे दुर्घटना के समय जान बच सकती है।

Published on: