22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुर्घटना में चला गया कमाऊ भाई, परिवार के सामने रोटी का संकट…

लोडिंग वाहन सहारे अपना तथा परिवार का जीवन बसर करता था। परिवार में गणपत के अतिरिक्त मां, पिता, एक भाई, दो बहन, पत्नी तथा दो लड़के है।

2 min read
Google source verification
patrika

accident,road accident,police,crime news,ujjain news,Death in Accident,

खाचरौद. नगर के गोरधननाथ गली कस्बा निवासी गणपत (३४) पिता भेरूलाल पोपंडिया की मंगलवार सुबह 11 बजे खाचरौद से रतलाम जाते समय बाजनखेड़ा के समीप रतलाम फोरलने के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही कस्बे में फैली सन्नाटा छा गया।

गणपत लोडिंग वाहन चलाकर जीवन गुजर करता है। मंगलवार को वाहन लेकर रतलाम जा रहा था तभी रतलाम हाईवे के समीप बाजनखेड़ा के यहां शासकीय वेयर हाउस के सामने रतलाम की ओर से तेज गति से आ रहे टैंकर से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गणपत के वाहन के परखच्चे उड़ गए तथा उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भिड़ंत होते ही टैंकर एमपी १३ एच ०१९५ का ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग गया। रतलाम पुलिस ने जानकारी मिलते ही मौका स्थल पर पहुंच पंचनामा बनाकर शव जब्त कर पीएम करवाकर परिजनों को सौंपा।

चार भाई-बहनों में एकमात्र कमाने वाला था

गणपत एक गरीब परिवार से होकर लोडिंग वाहन सहारे अपना तथा परिवार का जीवन बसर करता था। गणपत के परिवार में गणपत के अतिरिक्त मां, पिता, एक भाई, दो बहन, पत्नी तथा दो लड़के जिनकी उम्र 12 एवं 6 वर्ष है। गणपत, चार भाई बहनों में सबसे बड़ा होकर घर का कमाऊ सदस्य था। गणपत की मौत से परिवार पर लालन-पालन का संकट खड़ा हो गया है।

घर से लापता किसान ने की आत्महत्या
माकड़ौन. तराना तहसील के गांव पानखेड़ी में रहने वाले किसान ने मंगलवार शाम को खेत पर अज्ञात कारणों के चलते सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान पिछले ४ दिनों से घर से गायब था। सुबह करीब ११ बजे खेत मालिक हरिसिंह चौधरी खेत पर पहुंचे तो किसान अचैत अवस्था में पड़ा मिला। चौधरी ने इसकी जानकारी माकड़ौन थाना पुलिस को दी। टीआई यशवंत पाल ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्ती मदनलाल (४५) पिता नाथूलाल प्रजापत निवासी पानखेड़ी के रूप में की जो पिछले ४ दिनों से घर से लापता थे। परिजनों ने बताया कि ४ दिन पूर्व मदनलाल घर से बगैर बताए कहीं चले गए थे। जिन्हें रिश्तेदारों के यहां फोन लगाकर तलाश रहे थे। मंगलवार सुबह मदनलाल का शव गांव के ही हरिसिंह के खेत में मिला। पुलिस ने शव के पास से सल्फास की डिब्बी भी बरामद की है, जिसके आधार पर पुलिस का कहना है कि किसान ने सल्फास खाई है। शव का पीएम कर परिजनों को सौँपा है। वहीं मामले में यह भी जानकारी लगी है किसान पर ५ से ६ लाख रुपए बैंक का कर्ज था, जिसके चलते भी पुलिस जांच कर हत्या के कारणों का पता लगा रही है।

ज्यादती करने वाले आरोपी रिमांड पर
नागदा. १५ वर्षीय नाबालिग के साथ ज्यादती करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायाधीश ने आरोपी का 2 दिन का रिमांड मंजूर किया। गौरतलब है कि दो सप्ताह पूर्व चार युवक मोईन खान निवासी नई दिल्ली, पवन परमार निवासी श्रीराम कॉलोनी, शिवम कल्याणी निवासी आदिनाथ कॉलोनी, मिंटा डे निवासी बंगाली कॉलोनी ने अलग-अलग स्थान पर नाबालिग के साथ ज्यादती की थी। पुलिस ने इस मामले में चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। घटना में शामिल तीन आरोपी मिंटा डे, पवन, शिवम को पुलिस ने गत सप्ताह गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपी मोईन को पुलिस ने सोमवार को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी का डीएनए टेस्ट भी कराएंगी।