राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य प्रदेश और देश के नेताओं से मुलाकात की।
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद की सबसे युवा मेयर नूतन राठौर का कद प्रदेश सरकार में बढ़ता जा रहा है। महापौर चुने जाने के बाद ही दूसरे क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए भेजी गईं। महापौर नूतन राठौर को अब प्रदेश के राज्यपाल के यहां से दावत का न्यौता मिला है। मेयर सबसे अधिक मतों से जीत हासिल करने वालों में शामिल थीं। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य प्रदेश और देश के नेताओं से मुलाकात की और फिरोजाबाद की स्थिति को उनके सामने रखा।
राज्यपाल से की मुलाकात
मेयर नूतन राठौर ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में अन्य जिलों से आए महापौर और राजनेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। महापौर ने बताया कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उन्हें राज्यपाल के यहां से न्यौता आया। वह अपने आप को भाग्यशाली समझती हैं। उनका प्रयास रहेगा कि वह शहर में बेहतर कार्य करें। जिससे देश और प्रदेश में उनकी पहचान बढ़े। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने वक्तव्य रखे थे।
अन्य जिलों के मेयरों से सीखा कार्य कलाप
मेयर ने बताया कि कार्यक्रम में वह शीघ्र पहुंच गई थीं। जहां उन्होंने अन्य जिलों से आए मेयरों के कार्य कलापों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शहर के समुचित विकास को लेकर भी मंत्रणा की। अन्य मेयरों से उन्हें बेहतर कार्य करने की सीख मिली तो वहीं राज्यपाल और मुख्यमंत्री के कार्य से प्रभावित होकर उन्होंने भी और अधिक बेहतर तरीके से कार्य करने का संकल्प लिया। मेयर कहती हैं कि अपने से वाडों से सीखने को मिलता है। एक छत के नीचे जब कई अनुभवी लोग मिलते हैं तो विकास कराने का जज्बा और बढ़ जाता है। शहर में जलापूर्ति, विकास से संबंधित कार्यों को दूसरों से सीखने की जरूरत होती है। उन्हें लखनऊ जाकर बहुत कुछ सीखने को मिला।