फिरोजाबाद

एक्शन में ASP अनुज चौधरी! एनकाउंटर में 3 बदमाशों को लगी गोली; ठांय-ठांय के बाद 7 चढ़े पुलिस के हत्थे

Firozabad ASP Anuj Chaudhary Big Action: फिरोजाबाद ASP अनुज चौधरी ने बड़ा एक्शन लिया। एनकाउंटर के दौरान 3 बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जानिए पूरा मामला क्या है?
2 min read
firozabad kanwar yatra asp anuj chaudhary bhandara cm yogi adityanath
एक बार फिर चर्चा में आए ASP अनुज चौधरी। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Firozabad ASP Anuj Chaudhary Big Action: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंटरस्टेट भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। रविवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3 बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

ASP ग्रामीण अनुज चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में पशु चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

भैंस चोरी की घटना से शुरू हुई जांच

इस पूरे मामले की शुरुआत 3 अप्रैल को थाना एका क्षेत्र में दर्ज एक भैंस चोरी की रिपोर्ट से हुई। SSP आदित्य लांग्हे के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था, जो लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन पर शक

रविवार को मुखबिर की सूचना पर नगला धारू और झालगोपालपुर के बीच पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध मैक्स पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की।

भागते समय फंसी गाड़ी, पुलिस ने घेरा

भागते समय आरोपियों की गाड़ी कच्चे रास्ते में फंस गई, जिससे वे घिर गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें 3 आरोपियों—सलीम, कल्लू और जुम्मन—के पैर में गोली लग गई।

7 आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने मौके से कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सलीम उर्फ धूमी, कल्लू उर्फ फिरोज, जुम्मन खां, शहजाद, अफसर, फैजल और राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हथियार और पशु बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, 14 हजार रुपये नकद, एक भैंस, एक बछड़ा और वारदात में इस्तेमाल की गई मैक्स पिकअप बरामद की है।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि वे रात के समय गांवों से भैंस चोरी करते थे और उन्हें पिकअप वाहन में लादकर कट्टी घरों में बेच देते थे। वहां से मिलने वाले पैसे आपस में बांट लेते थे।

गिरोह का सरगना और आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना जुम्मन खां है, जिस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सलीम और कल्लू पर भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को पशु चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।