Crime News: फिरोजाबाद में 30 वर्षीय सहायक अध्यापिका की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर तंत्र-मंत्र के नाम पर जहर देने और हत्या को आत्महत्या दिखाने का आरोप लगाया है। जानिए क्या है मामला।
Crime News: फिरोजाबाद जिले के मटसेना थाना क्षेत्र के वजीरपुर आनंदीपुर की रहने वाली 30 वर्षीय सहायक अध्यापिका सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार रात ससुराल पक्ष उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि यह प्राकृतिक मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतका के पिता रामअवतार शर्मा ने बताया कि सोनी की शादी 7 दिसंबर 2022 को इटावा के जसवंतनगर निवासी शिवकिशोर दीक्षित से हुई थी। वह इटावा में ही परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापिका थीं। परिजनों का आरोप है कि शादी के दो साल बाद भी संतान न होने पर ससुराल वाले उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे।
मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वाले सोनी पर ‘ऊपरी साया’ होने की बात कहकर उन्हें तांत्रिकों और बाबाओं के पास ले जाते थे। आरोप है कि किसी कथित क्रिया के दौरान उन्हें जहरीला या नशीला पदार्थ दिया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। भाई ने आरोप लगाया कि मौत के बाद इसे आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर लटकाने का नाटक रचा गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। मृतका के पति, सास-ससुर, जेठ-जेठानी, दो ननद, एक ननदोई और देवर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।
रविवार दोपहर पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से चले गए, जिस पर मायके वालों ने आपत्ति जताई। थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।