
फिरोजाबाद। कोेरोना काल में बेखबर किसानों के दिलों की धड़कनें रविवार को तेज हो गईं। दोपहर के समय टिड्डियों का एक दल सुहागनगरी में प्रवेश कर गया। टिड्डियों के आगमन की खबर सुन प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों कोे अलर्ट कर दिया। लोगों ने थाली और पटाखे चलाकर उन्हें भगाने का काम किया।
शिकोहाबाद क्षेत्र में आया दल
शिकोहाबाद तहसील के गांव हरिहा, सहसपुर (अब्बास पुर) में टिड्डी दल प्रवेश करते हुए नजर आया। सूचना पाकर प्रशासन अलर्ट हो गया। एसडीएम नरेन्द्र कुमार टीम के साथ गांव पहुंच गए। टिड्डियों को भगाने के लिए किसानों ने हाथों में बर्तन, टीन व ढोल बजाकर भगाने का प्रयास किया। कुछ लोगों नेे पटाखे फोड़कर उन्हें भगाया।
यमुना पार से आया दल
टिड्डियों का दल यमुना पार से कई गांव में होते हुए फ़िरोज़ाबाद जिले की शिकोहाबाद सीमा में प्रवेश कर गया। पहले से अलर्ट लोगों ने उसे रुकने का मौका नहीं दिया। करीब 30 मिनट तक दल इधर से उधर उड़ता रहा लेकिन लोगों के प्रयास से इस टिड्डियों के दल को भगा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि इल आया था और प्रशासन अलर्ट हो गया था। लोगों की मदद से दल को भगा दिया गया। अब वह आगरा की ओर चला गया है। टिड्डियों के दल से कहीं किसी प्रकार के नुकसान की सूचना अभी तक नहीं मिली है।