
फिरोजाबाद। योगी सरकार में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन चोरी, लूट और डकैती की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद का है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में डकैती डाल दी और लाखों रूपए के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
नग्नावस्था में आए थे बदमाश
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के स्वामी नगर निवासी 60 वर्षीय तहसीलदार नामक व्यक्ति के यहां बीती देर रात 12 बजे के बाद लुटेरों ने छत के रास्ते प्रवेश किया। तहसीलदार के अनुसार डकैतों की संख्या तीन थी। सभी के हाथों में तमंचा था, चेहरे पर नकाब था और वस्त्रविहीन थे। सबसे पहले जब वे सीढ़ियों से उतरे तो तहसीलदार का कमरा था। भनक होने पर वे बाहर निकले तो बदमाशों ने हमला बोल दिया और मारपीट कर बंधक बना लिया।
किराएदार के घर भी लूट
उसके बाद उनके पुत्रवधु 35 वर्षीय कान्ती देवी पत्नी धर्मेन्द्र के कमरे के दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और मारपीट कर उन्हें भी बंधक बना लिया। बगल में ही किरायेदार मटसैना क्षेत्र दतावली निवासी 25 वर्षीय ममता पत्नी हेमराज एवं उसके तीन बच्चों व एक भतीजे पर हमला बोला। भतीजे सूरज के सिर पर तमंचा की बट मार घायल कर दिया। यहां भी बंधक बनाने के बाद मारपीट करते हुए कहर ढाया। पुत्रवधु और किरायेदार दोनों के ही पति बाहर कार्य करते हैं।
ये सामान लूटकर ले गए
बदमाशों ने किराएदार के यहां से चार सोने की चूड़ियां, तीन जोड़ी कुण्डल, एक कॉलर, मंगलसूत्र, नगद पांच हजार मिलाकर करीब 12 तोला सोने की लूट की। वहीं मकान मालिक के यहां से करीब नौ तोले सोने के जेवरात और 15 हजार नकद ले गए। उनके जाने के बाद परिजनों ने डायल 100 और थाना पुलिस को सूचना दी। सभी को तड़के मेडिकल के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद लाया गया। तहसीलदार, कान्ती देवी, ममता, सूरज और दो बच्चों सहित करीब छह लोग घायल हैं। बदमाश चेहरे पर नकाब लगाकर आये ताकि चेहरा कोई पहचान नहीं पाये और नग्नावस्था में देख परिजन वैसे ही घबरा गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।