श्रीराम काॅलोनी के लोग इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
फिरोजाबाद।टूंडला विधानसभा के अंतर्गत आने वाली श्रीराम काॅलोनी को न तो नगर निगम में ही शामिल किया गया और न ग्राम पंचायत में ही। इसके चलते यहां विकास कार्य भी नहीं हो सके। अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी लोगों की नहीं सुनी गई। लोगों ने या तो विकास कराओ नहीं तो इच्छा मृत्यु की स्वीकृति के लिए धरना शुरू कर दिया। काॅलोनी के लोग इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
मुख्यमंत्री को बुलाने की कर रहे मांग
धरने पर बैठी क्षेत्रीय जनता की मांग थी कि नगर निगम या ग्राम पंचायत में शामिल करो। समस्या दूर न होने तक आंदोलन लगातर चलता रहेगा। श्रीराम कालोनी की गंभीर समस्या के निदान के लिए हम मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि जब तक वह खुद आकर हमारी समस्या नहीं देखेंगे, तब तक उसका निदान नहीं हो सकेगा। धरने पर बैठे महिला-पुरुष नगर निगम में शामिल करो या इच्छा मृत्यु के नारे लगा रहे थे।
सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचीं मौके पर
श्रीराम कालोनी में इच्छा मृत्यु के लिए धरने पर बैठी जनता से वार्ता के लिए सिटी मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह मौके पर पहुंचीं। क्षेत्र की जनता की मुख्य समस्या सुनी। उन्होंने कहा कि डीएम की ओर से शासन को लगातार पत्राचार किया जा रहा है। क्षेत्र में कच्ची गलियों से बजट जारी कर दिया। 22 मई से कार्य शुरू करा दिया जाएगा। कालोनी को निगम या पंचायत में शामिल कराने के लिए प्रमुख सचिव व उच्च अफसरों तक समस्या पहुंचाएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद भी जनता अपनी मांग पर अडिग रही। इसके उपरांत एमएलसी डा. दिलीप यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने श्रीराम कालोनी का मामला विधानसभा में उठाने की बात कही। मौके पर हरप्यारी, ममता, चंद्रवती, मंजू, मीरा, मिथलेश, अरविंद सिंह, राजबहादुर, देवस्वरूप, नरेश बाबू, राजबहादुर शिवकुमार राठौर, राकेश राजपूत आदि मौजूद थे।