
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में अवैध रूप से चल रही तमंचा बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि इनका एक साथी भागने में सफल हो गया। पुलिस ने तमंचा बनाने की सामग्री भी बरामद की है। क्षेत्र में तमंचा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। यहां से तमंचा क्षेत्र में कम पैसों में सप्लाई किए जाते थे।
2014 से चल रही थी फैक्ट्री
एसएसपी राहुल यादवेन्दु ने वार्ता में बताया कि शिकोहाबाद में अवैध रूप से तमंचा बनाने की फैक्ट्री की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस को पकड़ने के लिए लगाया गया। थाना प्रभारी विजय कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध तमंचा फैक्ट्री को पकड़ने के लिए छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध तमंचा बना रहे दो लोगों को पकड़ लिया जबकि उनका एक साथी भागने में सफल हो गया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम मानपाल पुत्र अनूप सिंह निवासी नगला इमलिया थाना पिलुआ जनपद एटा हाल निवासी चन्द्रनगर टेढ़ी बगिया थाना एत्माद्दौला जनपद आगरा हैं। वहीं दूसरे का नाम राजू पुत्र जगदीश निवासी ग्राम मलौरा थाना निधौली कला जनपद एटा हाल निवासी चन्द्रनगर आगरा हैं। वहीं फरार होने वाले में मिलाप सिंह पुत्र बदन सिंह निवासी नूरपुर थाना जसराना जनपद फिरोजाबाद हैं।
ये माल हुआ बरामद
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस को पांच तमंचा, 15 अधबने तमंचे, कारतूस और अवैध तमंचा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। एसएसपी के मुुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह तीन तमंचा प्रतिदिन बना लेते हैं। इन तमंचों को वह आपराधिक किस्म के लोगों को बेचकर अच्छी खासी रकम कमा लेते हैं। आरोपी मानपाल ने बताया कि वह वर्ष 2014 से अवैध तमंचा बनाने का काम कर रहा है। इससे पूर्व भी वह जेल जा चुका है।