
फिरोजाबाद। सुहागनगरी की सड़कों पर डग्गेमारी कर रहीं बसें हादसे का कारण बनती जा रही हैं। डग्गेमार बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर जाम लगा दिया। चालक मौका पाकर भाग निकला। जाम की सूचना पर ककई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। समाचार लिखे जाने तक जाम नहीं खुल सका था।
आतीपुर गांव के समीप हुआ हादसा
फिरोजाबाद से जलेसर के बीच में करीब चार से पांच बसें नियमित चलती हैं। बसों की हालत अत्यंत खराब है। बस चालक स्पीड से गाडी निकालकर ले जाते हैं। शनिवार शाम तेजवीर सिंह निवासी लाढपुरा बछगांव नारखी अपनी बीमार पत्नी गीता देवी को डाक्टर से दवा दिलवाकर वापस बाइक द्वारा गांव जा रहा था। तभी आतीपुर गांव के समीप पीछे से तेज गति से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला बस के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चीख सुनकर भाग गया बस चालक
मौके पर चीख पुकार मच गई। भीड को अपनी ओर आता देख बस चालक बस छोडकर भाग खड़ा हुआ। मौके पर पहुंची भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर दी और जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर नारखी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो पुलिस पर हमला बोल दिया।
चार थानों का पहुंचा फोर्स
पुलिस पर हमला होने की जानकारी पर पचोखरा, टूंडला समेत चार थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। भीड ने चप्पल और पत्थर पुलिस पर फेंकना शुरू कर दिए। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया लेकिन ग्रामीण जाम खोलने पर राजी नहीं हुए। ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित को आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक जाम नहीं खुल सका था। मौके पर काफी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।