फिरोजाबाद

रामगोपाल यादव ने साधा अपनों पर निशाना, बीजेपी से ‘डील’ करने के आरोप

जिला पंचायत चुनाव से पहले रामगोपाल यादव ने अपनी ही सपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाया है।
1 minute read
• •
Updated: 12 Mar 2018, 4:16 PM IST
रामगोपाल यादव

फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल सोमवार को फिरोजाबाद में अपनी ही पार्टी के विधायक पर ही जमकर बरसे । उन्होंने जिला पंचायत चुनाव से पूर्व गड़बड़ी के लिए सिरसागंज विधायक हरिओम यादव को जिम्मेदार ठहराया और गुस्से में सपा के धरने का खत्म कर दिया।


'इटावा में बैठे नेता के इशारे पर डील'
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि सिरसागंज विधायक हरिओम यादव और उनके बेटे व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी को साथ धोखा दिया है। उन्होंने जिला पंचायत के होने वाले चुनाव से पहले ही कई सदस्यों को भाजपा को बेच दिया है, इसके बदले में काफी पैसा लिया है। मंच से राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि यह दुखद है और इटावा के एक नेता के इशारे पर यह सब हुआ है।

गुस्से में आंदोलन किया खत्म
पुलिस के उत्पीड़न के खिलाफ सपा का आंदोलन होना था। इस घटनाक्रम के बाद रामगोपाल यादव ने आंदोलन खत्म कर दिया। फिरोजाबाद में सपा के जिला कार्यालय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रोफेसर रामगोपाल ने अपने भाषण में साफ कहा कि जिनके लिए आंदोलन करने आए थे, वही बिक गए हैं । हमारे ही विधायक ने दगा दे दिया तो अब किससे कहें।


'आठ करोड़ रुपए में हुई डील'
रामगोपाल यादव ने कहा कि सपा के 12 जिला पंचायत सदस्यों को आठ करोड़ रुपए में बेच दिया गया। सपा के पूर्व विधायक रामवीर सिंह यादव के बेटे अमोल यादव को जिताने के लिए हमारे विधायक सिरसागंज हरिओम यादव उनसे मिल गए। माना जा रहा है समाजवादी पार्टी जिला पंचायत चुनाव में अपना प्रत्याशी भी नहीं उतारेगी। इस सवाल पर रामगोपाल ने कहा कि जब हमारे सारे सदस्य बिक गए तो अब क्या करेंगे। उधर, बीजेपी के अमोल यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भर दिया है।

Published on: