— नगर निगम फिरोजाबाद में सपा पार्षदों ने खोला महापौर के विरोध में मोर्चा, शुरू किया धरना प्रदर्शन।
फिरोजाबाद। नगर निगम में कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार को लेकर सपा पार्षदों ने महापौर नूतन राठौर के विरोध में मोर्चा खोल दिया। पार्षदों ने नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया। पार्षदों ने महापौर के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा शहर में कोई भी विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। नगर निगम में आने वाली रकम का बंदरबांट किया जा रहा है। सारी रकम भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी में खर्च हो रही है।
सपा महानगर अध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ धरना
नगर निगम फिरोजाबाद में धरना प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एतशाम अली बाबर ने समाजवादी पार्टी के पार्षदों के साथ व कार्यकर्ताओं के साथ धरना प्रदर्शन नगर निगम परिसर में ही दिया। नगर निगम परिसर में कर्मचारियों अधिकारियों की मौजूदगी में ही समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जमकर नारेबाजी की तथा भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित मेयर नूतन राठौर के खिलाफ भ्रष्टाचार और छींटाकशी के भी आरोप लगाए।
सपा पार्षदों की महापौर से हुई थी नोंक झोंक
सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा कर रहीं नूतन राठौर की समाजवादी पार्टी के पार्षदों से नोकझोंक हो गई थी। जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी समाजवादी पार्टी के पार्षदों के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसको लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एतशाम अली ने नगर निगम में ही धरना दिया। गनीमत यह रही कि नगर निगम कर्मचारियों और समाजवादी पार्टियों के पार्षद व कार्यकर्ताओं के बीच कोई टकराव की स्थिति नहीं बनी एतिहाद के तौर पर थाना उत्तर पुलिस भी मौके पर आ गई। बाद में नारेबाजी करने के बाद समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष व कार्यकर्ता नगर निगम से चेतावनी देकर चले गए।