फिरोजाबाद

गैंगरेप पीड़िता ने कर ली आत्महत्या तो इस थानेदार पर गिर गई गाज, जानिए पूरी वजह

जसराना क्षेत्र के औरंगाबाद में तीन युवकों ने गैंगरेप के बाद विवाहिता की बनाई थी वीडियो, कर दिया था वायरल। - विवाहिता ने वीडियो वायरल होने पर बदनामी के भय से कर ली थी फंदे पर लटककर आत्महत्या।
2 min read
• •
Updated: 28 Jul 2018, 9:03 PM IST
UP Police Cop
गैंगरेप पीड़िता ने कर ली आत्महत्या तो इस थानेदार पर गिर गई गाज, जानिए पूरी वजह

फिरोजाबाद। जसराना में विवाहिता की अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले जाने से व्यथित एक विवाहिता ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस द्वारा आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई न किए जाने का मृतका के पति ने आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारी और विवेचक को सस्पेंड कर दिया है। पीड़ित पति का आरोप है कि दुष्कर्म की शिकायत करने वह थाने गए थे लेेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। यदि समय से रिपोर्ट दर्ज हो गई होती तो उसकी पत्नी आत्महत्या करने को विवश नहीं होती।

औरंगाबाद का है मामला

थाना जसराना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी एक महिला के साथ तीन युवकों ने घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने विवाहिता की वीडियो भी बना ली थी। आरोपी विवाहिता की वीडियो को वायरल बरने की धमकी दे रहे थे। इसकी जानकारी विवाहिता ने अपने पति को दी थी। मामले को लेकर पति पत्नी को साथ लेकर जसराना थाना रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घटना के कई दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। जब तक आरोपी उससे रूपए लेकर ब्लैकमेल करतेे रहे। बाद में रूपए न देने पर आरोपियों ने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

महिला ने लगाई फांसी

सोशल मीडिया पर अपना अश्लील वीडियो डाले जाने से व्यथित विवाहिता ने शुक्रवार दोपहर को फंदा लगा दिया था। उस समय पति कोर्ट में तारीख करने के लिए टैक्सी लेने गया हुआ था। गैंगरेप के मुख्य आरोपी ने भी शनिवार सुबह फंदा कसकर आत्महत्या कर ली। मामले को लेकर महिला के पति ने पुलिस द्वारा समय से कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने इंस्पेक्टर मुनीश चन्द्र और विवेचक निरीखक सोमपाल सैनी को सस्पेंड कर दिया। एसएसपी का कहना है कि पुलिस ने अपना काम ठीक से नहीं किया। इसलिए पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसएसपी ने बताया कि गैंगरेप के दो अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संगीन मामले में भी पुलिस गंभीरता नहीं दिखा रही, इसलिए इस मामले में कठोर कदम उठाया गया है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि ऐसे मामलों में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई अमल मेें लाएं। ऐसा न करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Published on: