
रियो डी जनेरियो।कोपा अमेरिका 2019 ( Copa Amrica 2019 ) के फाइनल में शानदार फुटबॉल का प्रदर्शन करते हुए ब्राजील ने पेरू को 3-1 से हराकर नौवीं बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा कर लिया। गेब्रियल जीसस को लाल कार्ड दिखाए जाने के बाद ब्राजील की फुटबॉल टीम केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी, लेकिन उसने प्रतिद्वंद्वीं टीम पर दवाब बनाए रखा।
रेड कार्ड दिखाए जाने से पहले जीसस ने दागा गोल
कोपा अमेरिका ( Copa Amrica 2019 ) का फाइनल मैच ब्राजील के रियो के माराकाना स्टेडियम में खेला गया था। मेजबान होने की वजह से ब्राजील की टीम को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिल रहा था। गेब्रियल जीसस ने मैच के पहले हाफ के इंजुरी टाइम में पेरू के खिलाड़ियों को छकाते हुए शानदार गोल किया। 48वें मिनट में किए गए इस गोल की मदद से ब्राजील ने मैच में 2-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। मैच के 70वें मिनट में जीसस को लाल कार्ड दिखाया गया, जिससे वह बाकी समय ब्राजील को केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पडा।
10 खिलाड़ी होने पर भी 90वें मिनट में ब्राजील का गोल
जीसस के गोल करने से पहले एवर्टन सोरारेसल के मैच के 15वें मिनट में ही दागे गए गोल की मदद से ब्राजील की फुटबॉल टीम मैच में 1-0 से आगे हो गई थी। जीसस के मैदान से बाहर जाने के लिए मजबूर होने के बाद भी ब्राजील की फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों की गति पर रोक नहीं लगी और मैच के 90वें मिनट में रिचार्लिसन ने पेनाल्टी पर गोल किया।
लक्ष्य ब्राजील को पेरू पर हावी होने से रोकना
पेरू के कोच रिकॉर्डो गारेका ने शनिवार को कहा था कि उनकी टीम का लक्ष्य ब्राजील को पेरू पर हावी होने से रोकना रहेगा। लेकिन मैच में ब्राजील के खिलाड़ियों ने बेहद प्रभावशाली फुटबॉल खेली और मैच हमेशा उनके नियंत्रण में नजर आया। पेरू की टीम 1975 के बाद पहली बार कोपा अमेरिका खिताब जीतने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके हाथ शिकस्त लगी। पेरू के लिए एकमात्र गोल मैच के 44वें मिनट में पाओलो गोएरेरो ने किया।
कोपा अमेरिका जीतने में उरुग्वे (15), अर्जेंटीना (14) आगे
कोपा अमेरिका दक्षिण अमेरिका की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता है। उरुग्वे (15) और अर्जेंटीना (14) ने सबसे ज्यादा बार इस खिताब को जीता है। नौ बार इस ट्रॉफी पर कब्जा करके ब्राजील कोपा अमेरिका ( Copa Amrica 2019 ) खिताब जीतने के मामले में तीसरे स्थान पर है।