
FIFA World Cup 2026 Argentina vs Spain:फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भले ही स्पेन ने जीत लिया है। लेकिन अर्जेंटीना के फैंस हार के बावजूद खुशियां मना रहे हैं। अर्जेंटीना के समर्थकों ने अपनी टीम का शानदार स्वागत किया। ब्यूनस आयर्स की सड़कों पर हजारों लोग जमा हुए और अपने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्हें सैल्यूट किया। कुछ फैंस ने अर्जेंटीना के झंडे लहराए। कुछ ने जमकर डांस किया। उन्हें हार का दुख था, लेकिन टीम के फाइनल तक पहुंचने पर गर्व भी था। फैंस ने साबित कर दिया कि उनके लिए जीत से ज्यादा टीम का संघर्ष मायने रखता है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया। मैच के अंतिम समय तक कोई भी टीम गोल नहीं दाग पाई। लेकिन फिर एक्स्ट्रा टाइम में स्पेन के फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में गोल कर मुकाबले का रुख बदल दिया। इस गोल के साथ स्पेन ने 1-0 की बढ़त बना ली, जो अंत तक कायम रही।
अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना लेकर मैदान में उतरा था। लेकिन स्पेन की मजबूत रणनीति और शानदार प्रदर्शन के आगे टीम को हार का सामना करना पड़ा।
यह मुकाबला लियोनल मेसी के करियर का आखिरी वर्ल्ड कप मैच माना जा रहा है। उनका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह रोते हुए दिखाई दिए थे। यही कारण है कि हार के बाद भी फैंस ने मेसी और पूरी टीम का सम्मान किया। अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंची, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने भी फाइनल में कई शानदार बचाव किए और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
अर्जेंटीना के फैंस ने दिखाया कि फुटबॉल सिर्फ जीत और हार का खेल नहीं है। उनके लिए टीम का संघर्ष और जज्बा सबसे महत्वपूर्ण है। ब्यूनस आयर्स में निराशा के बजाय गर्व का माहौल नजर आया। हजारों समर्थकों ने अपनी टीम को चैंपियन जैसा सम्मान दिया। भले ही ट्रॉफी अर्जेंटीना के हाथ नहीं आई, लेकिन मेसी एंड टीम के खिलाड़ियों ने करोड़ों फैंस का दिल जरूर जीत लिया। यह जश्न बताता है कि सच्चे समर्थक हार के समय भी अपनी टीम के साथ खड़े रहते हैं।