फुटबॉल

16 साल बाद FIFA World Cup Final खेलने उतरेगी स्पेन, लेकिन लामिन यमाल-पेड्रो पोरो की चोट ने बढ़ाई चिंता

Argentina vs Spain: फीफा वर्ल्डकप 2026 के फाइनल से पहले स्पेन को लामिन यमाल और पेड्रो पोरो की फिटनेस की चिंता सता रही है। दोनों खिलाड़ियों ने टीम के साथ पूरा अभ्यास नहीं किया
2 min read
Jul 17, 2026
Lamine Yamal
लामिन यमाल (फोटो- IANS)

FIFA World Cup 2026 Final, Argentina vs Spain: स्पेन की फुटबॉल टीम 16 साल के बाद फीफा वर्ल्डकप का फाइनल खेलने उतरेगी, जहां उसका सामना 3 बार की वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। इस मुकाबले से पहले लामिन यामल और पेड्रो पोरो की चोट ने स्पेन की टेंशन बढ़ा दी है। न्यू जर्सी में हुए पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान युवा स्टार लामिन यमाल और डिफेंडर पेड्रो पोरो ने बाकी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास नहीं किया। दोनों ने मैदान के किनारे हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग की। इस विजुअल्स ने स्पेन के समर्थकों की चिंता बढ़ा दी है।

क्यों नहीं किया यमाल ने अभ्यास

अभ्यास के दौरान लामिन यमाल की बाईं जांघ पर पट्टी बंधी हुई थी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था। हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक यमाल को एहतियात के तौर पर मुख्य ग्रुप से अलग रखा गया, ताकि फाइनल से पहले उनकी फिटनेस पर कोई असर न पड़े।

यामल इस वर्ल्ड कप में अब तक 496 मिनट मैदान पर बिता चुके हैं। केप वर्डे के खिलाफ एक मैच को छोड़कर उन्होंने हर मुकाबले में शुरुआती एकादश में जगह बनाई है। हालांकि, चोट से वापसी के बाद वह अभी तक अपनी पूरी लय में नहीं दिखे हैं, लेकिन सेमीफाइनल में फ्रांस के खिलाफ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी तेज रफ्तार और शानदार मूवमेंट की बदौलत स्पेन को पेनल्टी मिली, जिससे टीम ने बढ़त हासिल की।

पेड्रो की फाइनल से पहले होगी जांच

दूसरी ओर पेड्रो पोरो ने स्पेन के सात में से पांच मैचों में शुरुआत की है और कुल 444 मिनट मैदान पर बिताए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 और फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में गोल भी किया था। सेमीफाइनल के बाद स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने बताया कि पोरो की मांसपेशियों में हल्की जकड़न है और फाइनल से पहले उनकी फिटनेस की जांच की जाएगी।

कोच ने यामल की स्थिति पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम से मिली जानकारी के अनुसार यामल की कोई गंभीर समस्या नहीं है और उनकी हालत ठीक है।

रविवार को होने वाला यह मुकाबला स्पेन के लिए बेहद खास होगा। साल 2010 में पहली बार विश्व चैंपियन बनने के बाद यह टीम का पहला वर्ल्ड कप फाइनल है। वहीं, अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा। अर्जेंटीना इससे पहले 1978, 1986 और 2022 में विश्व चैंपियन बन चुका है।

Updated on:
17 Jul 2026 10:15 am
Published on:
17 Jul 2026 10:15 am