
FIFA Golden Boot Race 2026: इस बार का फुटबॉल वर्ल्ड कप इतिहास रचने की राह पर है। आमतौर पर वर्ल्ड कप में 6 गोल करना गोल्डन बूट जीतने के लिए काफी माना जाता था। साल 1986 में गैरी लिनेकर से लेकर 2018 में हैरी केन तक, लगभग हर बड़े खिलाड़ी ने 6 गोल के आंकड़े के साथ ही इस चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा किया है। साल 1970 से 2022 के बीच सिर्फ एक बार ब्राजील के रोनाल्डो (2002) ने इस आंकड़े को पार किया था। लेकिन इस बार का टूर्नामेंट बड़ा है, मैच ज्यादा हैं और खिलाड़ियों का जोश भी सातवें आसमान पर है।
अब यह साफ दिख रहा है कि इस साल कोई न कोई खिलाड़ी 10 गोल का जादुई आंकड़ा जरूर छुएगा। इतिहास में अब तक सिर्फ तीन खिलाड़ी है, 1958 में फ्रांस के जुस्ट फोंटेन (13 गोल), 1954 में हंगरी के सैंडोर कोक्सिस और 1970 में गर्ड म्युलर ही ऐसा कर पाए हैं।
इस समय गोल्डन बूट की रेस में दो महायोद्धा आमने-सामने हैं। एक तरफ 39 साल के लियोनल मेसी हैं जो उम्र को मात देकर खेल रहे हैं, तो दूसरी तरफ 27 साल के किलियन एम्बापे हैं जो 2022 के फाइनल की हार का बदला लेने के लिए मैदान पर आग उगल रहे हैं।
मोरक्को के खिलाफ मैच में एम्बापे के टखने पर बर्फ का पैक देखा गया, जिससे फैंस थोड़े डरे जरूर, लेकिन कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने साफ किया कि उन्हें आराम देने के लिए मैदान से बाहर बुलाया गया था। एम्बापे इस समय फ्रांस के लिए 64 गोल और 38 असिस्ट के साथ सबसे महान खिलाड़ी बनते जा रहे हैं।
| खिलाड़ी (देश) | गोल | असिस्ट |
| किलियन एम्बापे (फ्रांस) | 8 | 2 |
| लियोनल मेसी (अर्जेंटीना) | 8 | 1 |
| एर्लिंग हालैंड (नॉर्वे) | 7 | 0 |
| हैरी केन (इंग्लैंड) | 6 | 1 |
| उस्मान डेम्बेले (फ्रांस) | 5 | 2 |
भले ही मेसी और एम्बापे के गोल बराबर (8-8) हैं, लेकिन एम्बापे 2 असिस्ट के साथ तकनीकी रूप से मेसी से थोड़ा आगे निकल गए हैं। एम्बापे लगातार तीसरे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। अगर वह ऐसा करने में कामयाब रहे, तो वह लगातार दो बार गोल्डन बूट जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।