फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को का बड़ा उलटफेर, नीदरलैंड वर्ल्ड कप से बाहर

Morocco beat Netherlandsl फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को ने पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड को 3-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। डच टीम टूर्नामेंट से बाहर हुई, जबकि मोरक्को ने राउंड ऑफ 16 में जगह बनाकर कनाडा से मुकाबला तय किया।
2 min read
Jun 30, 2026
Netherlands vs Morocco in FIFA World Cup 2026.
मोरक्को ने पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड्स को 3-2 से मात देकर राउंड ऑफ 16 में जगह पक्की कर ली है. (Photo- @FIFAWorldCup)

Morocco vs Netherlands: FIFA World Cup 2026 के राउंड ऑफ 32 के रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब वर्जिल वान डाइक की कप्तानी वाली नीदरलैंड का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। यह चौथी बार है, जब टूर्नामेंट में नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा। सिर्फ स्पेन ने ही डच टीम की तरह इतने वर्ल्ड कप शूटआउट हारे हैं। वहीं अशरफ हकीमी की नेतृत्व वाली मोरक्को की टीम ने पेनल्टी शूटआउट में शानदार खेल दिखाते हुए नीदरलैंड्स को 3-2 से मात देकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है, जहां उसका सामना कनाडा से होगा।

इस्माइल सैबारी के गोल से अगले दौर में मोरक्को

मोरक्को और नीदरलैंड के बीच राउंड ऑफ 32 मुकाबला अतिरिक्त समय समाप्त होने तक 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में इस्माइल सैबारी ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलकर मोरक्को को अगले दौर में पहुंचा दिया। अब राउंड ऑफ 16 में 4 जुलाई को ह्यूस्टन में मोरक्को का सामना कनाडा से होगा।

मोरक्को की ओर से नील एल ऐनाउई और अशरफ हकीमी अपनी पेनल्टी को गोल में बदलने में नाकाम रहे, जबकि नीदरलैंड की ओर से जस्टिन क्लाइवर्ट, क्विंटन टिम्बर और क्रिसेंशियो समरविल अपने प्रयासों में चूक गए।

इससे पहले FIFA World Cup 2026 के राउंड ऑफ 32 में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रही। दूसरे हाफ में हाइड्रेशन ब्रेक के बाद 72वें मिनट में कोडी गाकपो ने क्राइसेंसियो समरविले के पास पर गोल करके नीदरलैंड्स को बढ़त दिलाई। जब मोरक्को के पास समय कम बचा था, तब इस्सा डियोप ने एक्स्ट्रा टाइम के पहले मिनट में हेडर से गोल करके मैच को रोमांचक दौर में पहुंचा दिया।

कैसा है पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को का रिकॉर्ड?

मोरक्को ने अब तक जितने भी पेनल्टी शूटआउट खेले हैं, उनमें से उसने सिर्फ आधे ही जीते हैं। लेकिन अफ्रीकी टीम शूटआउट में लगातार तीन मैच जीत चुकी है। उसने स्पेन (2022 वर्ल्ड कप), नाइजीरिया (AFCON 2025) और सेनेगल (अफ्रीकन नेशंस चैंपियनशिप 2025) को हराया है।

पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को का रिकॉर्ड

पैरामीटरआंकड़े
कुल पेनल्टी शूटआउट8
जीत4
हार4
जीत का प्रतिशत50%
Updated on:
30 Jun 2026 10:35 am
Published on:
30 Jun 2026 10:16 am