
Iran vs New Zealand Fifa World Cup Match: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड ने ईरान जैसी मजबूत टीम को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। सोफाई स्टेडियम (So-fi Stadium) में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए दुनिया की 20वें नंबर की टीम को ड्रॉ पर रोक दिया।
न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल एलिजा जस्ट ने सातवें मिनट में किया। इसके बाद उन्होंने 55वें मिनट में दूसरा गोल भी दागा। वहीं ईरान की ओर से रेमिन रेजाइयान ने 32वें मिनट में और मोहम्मद मोहिबी ने 64वें मिनट में गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
एक ओर जहां मैच स्टेडियम के अंदर खेला जा रहा था, वहीं स्टेडियम के बाहर विरोध प्रदर्शन भी जारी था। मैच के दौरान राष्ट्रगान के समय कई फैंस ने सरकार के खिलाफ विरोध जताया और हूटिंग की। आपको बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप से पहले ईरान का टूर्नामेंट में हिस्सा लेना भी तय नहीं माना जा रहा था, लेकिन बाद में टीम ने अपना ट्रेनिंग कैंप मैक्सिको के तिहुआना में बनाया और मैच से एक दिन पहले अमेरिका पहुंची।
मुकाबले की शुरुआत में ही एलिजा जस्ट ने सातवें मिनट में गोल कर ईरानी फैंस को हैरान कर दिया। इसके बाद ईरान ने लगातार वापसी की कोशिश की और 32वें मिनट में रेमिन रेजाइयान ने गोल कर टीम को बराबरी दिला दी।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा था कि दुनिया की 20वीं और 85वीं रैंकिंग वाली टीमें आमने-सामने खेल रही हैं। 55वें मिनट में न्यूजीलैंड के कप्तान क्रिस वुड के पास पर एलिजा जस्ट ने एक बार फिर गोल कर न्यूजीलैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी।
हालांकि इसके बाद भी ईरान ने हार नहीं मानी। 64वें मिनट में रेमिन रेजाइयान के शानदार पास को मोहम्मद मोहिबी ने गोल में बदलकर मुकाबले को 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद अंतिम सीटी बजने तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।
मैच के बाद ईरानी खिलाड़ियों ने पूरे मैदान का चक्कर लगाकर हजारों फैंस का आभार व्यक्त किया। आपको बता दें कि इस मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ईरानी समर्थक स्टेडियम पहुंचे थे। इस ड्रॉ के बाद न्यूजीलैंड ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि ईरान दूसरे स्थान पर मौजूद है।