
FIFA World Cup 2026 Latest Update: कई बार सोशल मीडिया पर की गई एक छोटी-सी पोस्ट भी इतिहास बन जाती है। स्पेन के स्टार मिडफील्डर पेड्री के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उन्होंने एक साल पहले सिर्फ '190726' लिखा था। तब किसी को इसकी वजह समझ नहीं आई। लेकिन अब स्पेन के FIFA वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद यही पोस्ट पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई है।
10 जून 2025 को पेड्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिर्फ ‘1 9 0 7 2 6’ लिखा था। उस समय फैंस हैरान रह गए थे। किसी को समझ नहीं आया कि इन नंबरों का क्या मतलब है। बाद में लोगों ने इसे 19 जुलाई 2026 की तारीख से जोड़ा। यही FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल का दिन था। अब ठीक उसी दिन स्पेन ने वर्ल्ड कप जीत लिया। इसके बाद पेड्री का पुराना पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
फाइनल जीतने के बाद पेड्री ने X पर ट्रॉफी को चूमते हुए अपनी तस्वीर शेयर की। जिसमें उन्होंने पुरानी यादों को शेयर करते हुए लिखा- वो दिन जब पूरे देश का सपना सच होगा। जब हम वर्ल्ड चैंपियन होंगे- ‘190726’, दरअसल ये उनका पुराना वाला पोस्ट था… बस ट्रॉफी जीत के साथ उन्होंने लोगों को याद दिलाया।
बता दें न्यूयॉर्क सिटी मेटलाइफ स्टेडियम में खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ। स्पेन ने पूरे मैच में गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने कई शानदार बचाव किए।
लेकिन आखिरी टाइम में अर्जेंटीना को बड़ा झटका लगा। एंजो फर्नांडीज सेकंड येलो कार्ड के बाद मैदान से बाहर हो गए। इसके बाद टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने लगी। फिर समय आया एक्स्ट्रा टाइम का। जिसमें निको विलियम्स का एक गोल फाउल के कारण रद्द हो गया। लेकिन 106वें मिनट में उन्होंने शानदार पास फेरान टोरेस को दिया। टोरेस ने बेहतरीन फिनिश के साथ गोल दाग दिया। यही गोल स्पेन की 1-0 की जीत का कारण बना।
23 वर्षीय पेड्री पूरे टूर्नामेंट में स्पेन के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने हर मैच खेला और मिडफील्ड में टीम को मजबूती दी। उनकी शानदार पासिंग, खेल को नियंत्रित करने की क्षमता और धैर्य ने स्पेन की सफलता में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार FIFA वर्ल्ड कप का खिताब जीता। साथ ही कोच लुइस डे ला फुएंते के नेतृत्व में टीम का लगातार अजेय रहने का रिकॉर्ड 38 अंतरराष्ट्रीय मैचों तक पहुंच गया।
UEFA यूरो 2024 जीतने के बाद अब पेड्री ने अपने करियर में वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी जोड़ ली है। सबसे खास बात यह रही कि उनकी एक साल पुरानी '190726' भविष्यवाणी आखिरकार बिल्कुल सच साबित हो गई।
लियोनल मेसी का वर्ल्ड कप सफर एक भावुक पल के साथ खत्म हो गया। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में हार के बाद मेसी खुद को रोक नहीं पाए और मैदान पर ही रोने लगे। स्टेडियम में फैंस ने उनके सम्मान में नारे लगाए। यह देखकर मेसी की आंखें भर आईं। यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप था! ट्रॉफी भले ही उनके हाथ नहीं आई, लेकिन उन्होंने करोड़ों फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बना ली। मेसी का नाम हमेशा फुटबॉल इतिहास में याद रखा जाएगा।