फुटबॉल

FIFA World Cup: क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सपोर्ट में उतरा साथी खिलाड़ी, कांगो के खिलाफ ड्रॉ के बाद हो रही जमकर आलोचना

FIFA World Cup 2026 में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो की आलोचना हो रही है। हालांकि, पुर्तगाल के डिफेंडर Ruben Dias ने रोनाल्डो का बचाव करते हुए कहा कि हार-जीत या खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं होती।
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2026, 9:40 AM IST
Cristiano Ronaldo Criticism
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फोटो- IANS)

Cristiano Ronaldo Criticism: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की टीम अपना पहला मुकाबला खेलने के लिए डीआर कांगो के खिलाफ मैदान पर उतरी। क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे स्टार खिलाड़ी के होने के बावजूद दुनिया के 7वें नंबर की पुर्तगाल 3 अंक हासिल नहीं कर पाई। दुनिया की 43वें नंबर की टीम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। हालांकि उनके बचाव में डिफेंडर रूबेन डायस उतरे हैं, जिन्होंने रोनाल्डो की आलोचना की बजाय पूरी टीम की आलोचना होने की बात कही है।

कांगो के खिलाफ बेअसर दिखे रोनाल्डो

रूबेन ने रोनाल्डो पर भरोसा जताते हुए कहा कि आलोचना सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं की जानी चाहिए। डीआर कांगो के खिलाफ रोनाल्डो के पास 25 बार गेंद आई, लेकिन वह टारगेट पर शॉट लगाने, टीम के साथी को असिस्ट करने या ड्रिबल की कोशिश में विरोधी को हराने में नाकाम रहे।

'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, पुर्तगाल को आक्रमण में अधिक तेज और फुर्तीले खिलाड़ी उतारने से फायदा मिल सकता था। हालांकि, डायस ने कहा कि टीम अभी भी 41 वर्षीय स्टार खिलाड़ी पर पूरा भरोसा करती है, जो अपने करियर का छठा वर्ल्ड कप फाइनल खेल रहे हैं।

डायस ने कहा, "क्रिस्टियानो रोनाल्डो, बेशक, मीडिया के उस दबाव से निपटने के आदी हैं, जिसका हम आमतौर पर क्लब, राष्ट्रीय टीम, विश्व टूर्नामेंट और यूरोपीय प्रतियोगिताओं में सामना करते हैं। इस तरह की प्रतियोगिता में सब कुछ कभी भी परफेक्ट नहीं होगा।"

ड्रॉ की जिम्मेदार पूरी टीम

डिफेंडर ने कहा कि आलोचना केवल एक खिलाड़ी की नहीं होती। क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे ज्यादा चर्चा में रहते हैं, इसलिए उन पर ज्यादा ध्यान जाता है, लेकिन पूरी टीम इसकी जिम्मेदार होती है। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है, क्योंकि टीम के साथ ऐसा पहले भी होता रहा है और आगे भी होता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा, "आलोचना हमारे लिए ज्यादा मायने नहीं रखती। यह खेल का हिस्सा है और बाहर का शोर भर है। जब किसी टीम का मैच अच्छा नहीं जाता, तो ऐसी बातें हमेशा होती हैं। हम खुद को फालतू की आलोचना से दूर रख रहे हैं।" पुर्तगाल फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने अगले मुकाबले में 23 जून को उज्बेकिस्तान से भिड़ेगा।