फुटबॉल

ISL : कालू उचे के बिना जीत का सूखा खत्म करने उतरेगा दिल्ली

चेन्नयन एफसी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में आज अपने घर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली डायनामोज का सामना करेगी।
2 min read
• •
Updated: 7 Jan 2018, 10:30 AM IST
India super league delhi dynamos to face channaiyan FC

नई दिल्ली। चेन्नयन एफसी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में आज अपने घर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली डायनामोज का सामना करेगी। खराब फॉर्म से जूझ रही दिल्ली डायनामोज की कोशिश इस मैच में अपने जीत के सूखे को तोड़ने की होगी। डायनामोज ने आईएसएल की शुरुआत अपने पहले मैच में एफसी पुणे सिटी के खिलाफ जीत हासिल करते हुए की थी, लेकिन इसके बाद टीम रास्ते से भटक गई।

कालू उचे मैच से बाहर
डायनामोज के कोच मिग्युएल पुर्तगाल ने कहा कि उनके स्टार खिलाड़ी कालू उचे इस मैच में नहीं खेलेंगे। मेहमान टीम के पास अपने मिडफील्डर क्लाउडियो माथियास मिराबाजे की सेवाएं नहीं होंगी। उन पर मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ पिछले मैच में सेहनाज सिंह से भिड़ंत के कारण चार मैचों का प्रतिबंध है। कागज पर तो चेन्नयन टीम मजबूत है और मैच जीतने की प्रबल दावेदार भी। उसकी कोशिश तीन अंक लेकर एक बार फिर शीर्ष स्थान पर वापसी करने की होगी। हालांकि उनके पास कोच जॉन ग्रेगोरी की सेवाएं नहीं होंगी। ग्रेगोरी पर प्रतिबंध है। लेकिन टीम को डायनामोज के खिलाफ अपने अतीत पर नजर डालनी होगी। दोनों टीमों के बीच हुए पिछले छह मैचों में डायनामोज की टीम पिछले चार बार जीत हासिल करने में सफल रही है।

मुख्य कोच की गैरमौजूदगी दिक्कत नहीं
टीम के सहायक कोच सैयद साबिर पाशा का मानना है कि अपने मुख्य कोच की गैरमौजूदगी उनके लिए दिक्कत नहीं बनेगी। ग्रेगोरी की टीम को जीत उसे लीग में शीर्ष स्थान पर पहुंचा देगी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली डायनमोज को अगर जीत मिलती है तो वह अंक तालिका में निचले स्थान से ऊपर आ जाएगी।

नार्थईस्ट युनाइटेड ने गोवा को रौंदा
वहीं शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नार्थईस्ट ने एफसी गोवा को 2-1 से मात दी। मैच पहले हाफ में 1-1 की बराबरी पर था, लेकिन सेइमेइनलेन डोंगल ने दूसरे हाफ में गोल करते हुए नार्थईस्ट युनाइटेड को आगे कर दिया। गोवा की टीम इस अंतर को पाट नहीं पाई और मैच हार गई।

Published on: