
नई दिल्ली। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में जीत का सूखा झेल रही नार्थइस्ट युनाइटेड ने शनिवार को इसे खत्म कर दिया। इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेजबान टीम नार्थईस्ट ने एफसी गोवा को 2-1 से मात दी। मैच पहले हाफ में 1-1 की बराबरी पर था, लेकिन सेइमेइनलेन डोंगल ने दूसरे हाफ में गोल करते हुए नार्थईस्ट युनाइटेड को आगे कर दिया। गोवा की टीम इस अंतर को पाट नहीं पाई और मैच हार गई। यह नार्थईस्ट एफसी की घर में पहली जीत है। इससे पहले उसे अपने घर में दो मैचों में हार मिली थी जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था। डोंगल का यह आईएसएल में पहला गोल है। मेजबान टीम के लिए घर में सीजन का पहला गोल मार्सिन्हो ने किया।
नौवें स्थान पर नार्थईस्ट की टीम
इस जीत से मिले तीन अंकों के बाद नार्थईस्ट के सात अंक हो गए हैं, लेकिन 10 टीमों की तालिका में उसके स्थान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वह आठ मैचों में दो जीत, एक ड्रॉ और पांच हार के बाद नौवें स्थान पर ही बनी हुई है। बहरहाल, मैच का पहला गोल नार्थईस्ट के लिए मार्सिन्हो ने किया। मार्सिन्हो ने यह गोल डानीलो लोपेज के सहयोग से किया। यह इस सीजन में घर में मेजबान टीम का पहला गोल है। सेजारियो को बॉक्स में एक लम्बा पास मिला। उन्होंने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए अपने साथियों के आने का इंतजार किया।
कुछ ऐसा रहा दोनों टीम के बीच का मुकाबला
मार्सिन्हो समय पर वहां पहुंच गए और सेजारियो ने गेंद उनके हवाले कर दी। इस स्ट्राइकर ने गेंद लिया और घूमकर एक शॉट लगाया लेकिन गेंद अहमद जाहो से डिफलेक्ट होकर फिर उनके पास आ गई। इस बार मार्सिन्हो ने गोलपोस्ट के दाएं किनारे में गेंद को घुसाने में सफलता हासिल की। 23वें मिनट में नार्थईस्ट के निर्मल छेत्री को पीला कार्ड दिखाया गया। गोवा की टीम बराबरी करने को आतुर थी और इसके लिए उसने प्रयास जारी रखा। गोवा को 28वें मिनट में मनोवांक्षित परिणाम मिला। स्पेनिश स्ट्राइकर मैनुएल एराना ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
गोल करने के कई अवसरों पर मिली निराशा
एराना का यह गोल प्रणॉय हलधर द्वारा लिए गए फ्रीकिक के बाद उपजे हालात का नतीजा था। हलधर के फ्रीकिक को नार्थईस्ट के कप्तान जोस गोनकाल्वेस ने क्लीयर कर दिया लेकिन उनका शॉट सीधे एराना के पास आकर गिरा। एराना ने शानदार एंगल शॉट पर गोल करते हुए मेजबान टीम को चौंका दिया। एराना ने 30वें मिनट में भी 20 यार्ड से एक झन्नाटेदार शॉट के माध्यम से गोल करने का प्रयास किया लेकिन गेंद बार के ऊपर से चली गई। 31वें मिनट में मेजबान टीम ने मौका बनाया। मार्सिन्हो ने फ्रीकिक को सीधे बॉक्स के अंदर पहुंचाया, जिस पर मार्टिन डियाज ने हेडर लिया लेकिन गेंद सीधे गोवा के गोलकीपर लक्ष्मीकांत काट्टीमनी के हाथों में चली गई।
हाफ टाइम तक एक-एक रहा स्कोर
इसके बाद दोनों टीमें गेंद पर नियंत्रण रखने के लिए संघर्ष करती रहीं और इस दौरान कोई बड़ा हमला नहीं हुआ। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 रहा। मध्यांतर के बाद मेजबान टीम ने 46वें और 50वें मिनट में दो जोरदार हमले किए, लेकिन यह दोनों मौके उसके हाथ से निकल गए। 52वें मिनट में उसने दूसरे हाफ का तीसरा मौका बनाया जिसे डोंगल ने गोल में बदलते हुए मेजबान टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
गोवा पांचवें स्थान पर कायम
मेहमान टीम लगातार गोल करने की कोशिश में थी। उसने कुछ मौके भी बनाए। 76वें मिनट में ऐसा ही एक मौका उसे मिला, जिसे मेजबान टीम के गोलकीपर टी.पी. रेहनेश ने शानदार बचाव करते हुए टाल दिया। मैनुएल लेंजारोटे ने बॉक्स के अंदर एराना को पास दिया, जिन्होंने अच्छे से गेंद को अपने पास लिया और गोलपोस्ट पर निशाना साधा, लेकिन रेहनेश ने बेहतरीन गलोकीपिंग के गोल गोवा को बराबरी ले रोक दिया। गोवा की टीम तमाम प्रयासों के बाद भी गोल नहीं कर सकी और मैच हार गई। गोवा की यह आठ मैचों में तीसरी हार है। वह 13 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है।
Published on:
7 Jan 2018, 10:10 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.