फुटबॉल

ISL : दूसरी महाराष्ट्र डर्बी भी हारा मुंबई, पुणे ने 2-0 से हराया

मुंबई सिटी एफसी दूसरे महाराष्ट्र डर्बी मुकाबले में भी जीत नहीं दर्ज कर सकी। उसे एफसी पुणे सिटी ने मुंबई 2-0 से हरा दिया।

2 min read

मुंबई। मुंबई सिटी एफसी अपने घर में खेले गए दूसरे महाराष्ट्र डर्बी मुकाबले में भी जीत नहीं दर्ज कर सकी। उसे एफसी पुणे सिटी ने मुंबई फुटबाल एरेना में रविवार को खेले गए मैच में 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ पुणे ने फुटबाल की हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के प्लेआफ की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया है जबकि दूसरी ओर मुंबई की उम्मीदों को धक्का लगा है।

मुंबई की घर में लगातार चौथी हार
घर में लगातार चौथी हार ने मुंबई के सपनों को बुरी तरह झकझोर दिया है। उसे प्लेआफ की रेस में बने रहने के लिए पुणे तथा दूसरी टीमों के साथ होने वाले बाकी बचे मैचों को हर हाल मे जीतना था, लेकिन उसकी शुरुआत ही गलत हो गई और अब उसका अंतिम-4 में जाना काफी मुश्किल हो गया है। मुंबई की इस सीजन में पुणे के हाथों लगातार दूसरी हार है। पुणे ने अपने घर में उसे 2-1 से हराया था। दूसरी ओर, पुणे ने डिएगो कार्लोस और कप्तान मार्सेलिन्हो द्वारा किए गए गोलों की मदद से जीत हासिल कर अपने खाते में 3 अंक जोड़े। अब उसके खाते में कुल 28 अंक हो गए हैं और वह 10 टीमों की तालिका में दूसरे क्रम पर मजबूती से विराजमान है। उसके और तीसरे स्थान पर काबिज जमशेदपुर एफसी के बीच अब तीन अंक का अंतर हो गया है। मुंबई की टीम 17वें स्थान पर ही बनी हुई है।

ये भी पढ़ें

ISL-4: दिल्ली से उसके घर में भिड़ेगी चेन्नइयन, पुणे से होगा मुंबई का मुकाबला

पहला हाफ पुणे के नाम
इस मैच का पहला हाफ पुणे के नाम रहा था। कार्लोस द्वारा 18वें मिनट में किए गए गोल से उसे बढ़त मिली और इसके अलावा इस हाफ में उसने हमले भी अधिक किए। दूसरी ओर, मुंबई ने घर में अपना रिकार्ड बेहतर करने और प्लेआफ में जगह बनाने की दिशा में काफी प्रयास किए लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली। राजू गायकवाड को इस बात की राहत होगी कि उनके सिर से आत्मघाती गोल का कलंक मिट गया। 18वें मिनट में कार्लोस ने जो गोल किया था, असल में वह पहले गायकवाड के खाते में आया था, लेकिन मैच अधिकारियों ने काफी देर तक रीव्यू करने के बाद पाया कि गेंद को राजू ने नहीं बल्कि कार्लोस ने टच किया था। ऐसे में गोल कार्लोस के नाम हुआ। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने प्रयास जारी रखे लेकिन मेजबान टीम अधिक उतावली नजर आ रही थी। कारण साफ था उसे मैच में वापसी के लिए दो गोल करने थे।

मैच का हाल
मुंबई को हालांकि सफलता मिलती नहीं दिख रही थी क्योंकि पुणे ने अपना सारा ध्यान डिफेंस पर लगा दिया था। मुंबई के पास 68वें और 70वें मिनट में सम्भवत: बराबरी और आगे निकलने का मौका था लेकिन पहली बार इमाना और दूसरी बार बलवंत सिंह इसका लाभ नहीं उठा सके। 72वें मिनट में तो बलवंत ने ऐसा मौका गंवाया, जिसका उन्हें शायद पूरे सीजन भर अफसोस रहेगा। इमाना ने बाक्स में बलवंत को पास दिया। बलवंत को सिर्फ गोलकीपर को छकाकर गेंद को गोलपोस्ट में डालना था लेकिन उनके शाट में गोल करने के लिए जरूरी तेजी नही थी। विशाल कैथ ने उसे रोक दिया, गेंद रीबाउंड होकर थियागो सांतोस के पास गिरी, जिन्होंने उसे गोलपोस्ट में डालने का प्रयास किया लेकिन बाहर मार बैठे।

पुणे ने 76वें मिनट में एक जबरदस्त हमला किया लेकिन मार्सेलिन्हो के तेज शाट को गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने रोक दिया। पुणे ने 83वें मिनट में एक और जोरदार हमला किया और इस बार खाली हाथ नहीं लौटे। मार्सेलिन्हो ने अमरिंदर को छकाते हुए घर में मुंबई की लगातार चौथी हार तय कर दी।

ये भी पढ़ें

ISL-4 : घरेलू मैदान पर नार्थ ईस्ट की चुनौती के लिए जमशेदपुर की तैयारी पक्की
Updated on:
11 Feb 2018 08:55 pm
Published on:
11 Feb 2018 08:52 pm
Also Read
View All