फुटबॉल

ISL-4 : शुरुआती बढ़त के बाद दिल्ली ने गंवाया मैच, त्रिंदादे के गोल से जीता जमशेदपुर

इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को दिल्ली का सामना जमशेदपुर से हुआ। जमशेदपुर की टीम इस मैच को 3-2 के अंतर से जीतने में कामयाब रही।
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2018, 2:26 PM IST
ISL

नई दिल्ली। इंडियन सुपर लीग में रविवार को दिल्ली डायनामोज और जमशेदपुर के बीच खेला गया मुकाबला जमशेदपुर ने 3-2 के अंतर से अपने नाम किया। मैच के पहले हाफ के शुरुआती 22 मिनटों में 2-0 की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में पहुंचने के बाद भी दिल्ली हार का सामना करना पड़ा। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्टेडियम में खेले गए मैच में जमशेदपुर ने पिछड़ने के बाद भी बेहरतीन वापसी की। जमशेदपुर की ओर से आसिम विस्वास के स्थान पर 67वें मिनट में मैदान पर आए त्रिंदादे गोंकाल्वेस ने 86वें मिनट में एक दनदनाता गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी।

दिल्ली ने शुरुआत में दिखाया आक्रमक खेल
दिल्ली ने मैच की शुरुआत से चढ़कर खेलने का फैसला किया और इसका फायदा उसे 20वें मिनट में मिला, जब कालू उचे ने नंदाकुमार सेकर की मदद से उसे 1-0 से आगे कर दिया। नंदा ने बाएं किनारे से एक बेहतरीन क्रास कालू को दिया, जिस पर गोल करते हुए कालू ने अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मेजबान टीम अभी सम्भल भी नहीं पाई थी कि कालू ने एक और गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। यह पहले गोल का लगभग कार्बन कापी था। इस बार भी कालू को गोल करने में मदद करने वाले नंदा रहे और इस बार भी उन्होंने कालू को बाएं किनारे से एक बेहतरीन क्रास दिया, जिस पर हेडर के जरिए गोल करते हुए कालू ने अपनी टीम को अप्रत्याशित बढ़त दिला दी।

टिरी ने किया पहला गोल
जमशेदपुर की ओर से पहला गोल 29वें मिनट में हुआ। मेजबान टीम के लिए यह गोल टिरी नाम से मशहूर जोस अरोयो ने किया। टिरी ने यह गोल जेरी एम. का पास पर किया। जेरी ने एक बेहतरीन कार्नर लिया, जिस पर टिरी ने प्रीतम कोटाल को मात देते हुए गेंद को हेडर के जरिए गोलपोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ मैच रोमांचक हो गया। पहले हाफ की समाप्ति तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत मेजबान टीम के लिए धमाकेदार रही। 48वें मिनट में शौवीक चक्रवर्ती को पीला कार्ड दिखाया गया और इसके छह मिनट बाद 54वें मिनट में मेजबान टीम ने बराबरी का गोल कर दिया।

युमनाम राजू ने स्कोर किया बराबर
मेजबानों को 2-2 की बराबरी दिलाने वाला गोल युमनाम राजू ने किया। युमनाम ने जेरी द्वारा बाएं किनारे से लिए गए कार्नर के बेकार किए जाने के बाद अपने पास आई गेंद पर बॉक्स के बाहर से एक झन्नाटेदार शॉट से दिल्ली के गोलकीपर अर्नब दास शर्मा को चौंकाते हुए अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया।

अंत में जमशेदपुर को मिली जीत
इसके बाद दोनों टीमों के बीच आगे निकलने की होड़ लगी रही लेकिन सफलता किसी को नहीं मिलती दिख रही थी। स्टीव कोपेल ने 67वें मिनट में विस्वास के स्थान पर त्रिंदादे को मैदान पर लाने का फैसला किया और उन्होंने अंतर पैदा करने वाला गोल किया। त्रिंदादे ने यह गोल वेलिंग्टन प्रीयोरी के सहयोग से किया। इस तरह मेजबान टीम ने पिछड़ने के बावजूद एक शानदार जीत के साथ खुद को अंक तालिका में मजबूत किया।

Published on: