
Cristiano Ronaldo vs Lionel Messi: फुटबॉल में जब भी दुनिया के महान खिलाड़ियों का जिक्र होता है, तो मौजूदा वक्त में दो नाम सबसे पहले सामने आते हैं। पहला क्रिस्टियानो रोनाल्डो और दूसरा लियोनेल मेसी। फुटबॉल की दुनिया में दोनों दिग्गजों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की चर्चा मैदान के अलावा भी होती रही है। फुटबॉल प्रशंसक कभी गोल करने की होड़ तो कभी रिकॉर्ड के आधार पर दोनों खिलाड़ियों की तुलना करते रहे हैं। अब जब पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने की खबर चर्चा में है, तो सवाल उठता है कि में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में किस खिलाड़ी का नाम शीर्ष पर है?
पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं। उन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम पुर्तगाल के लिए अब तक 146 गोल किए हैं। रोनाल्डो ने 234 इंटरनेशनल मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी गोल करने की क्षमता, फिटनेस और मैदान पर लगातार शानदार प्रदर्शन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाते हैं।
इंटरनेशनल फुटबॉल में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जलवा भले ही कायम हो, लेकिन अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी का जादू भी कम नहीं है। मेसी की सबसे बड़ी ताकत उनकी शानदार ड्रिब्लिंग, सटीक पास और खेल को समझने की क्षमता है।
लियोनेल मेसी इंटरनेशनल लेवल पर सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के लिए 126 इंटरनेशनल गोल किए हैं। इसके लिए उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर 208 मैच खेले हैं। इस तरह देखा जाए तो मेसी, रोनाल्डो से 20 गोल पीछे हैं।
इंटरनेशनल फुटबॉल में भले ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी का दबदबा हो, लेकिन ईरान के अली डेई ने भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने 148 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 108 गोल किए हैं। इंटरनेशनल फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में वह तीसरे स्थान पर हैं।
फीफा रैंकिंग में भारत भले ही 138वें स्थान पर हो, लेकिन सर्वाधिक इंटरनेशनल गोल करने के मामले में भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है। सुनील छेत्री ने भारत के लिए 157 मैच खेले हैं और कुल 95 गोल किए हैं। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल में अपनी अलग छाप छोड़ी है।