फुटबॉल

ISL-4: पुणे ने बेंगलुरु को ड्रॉ पर रोका, सीजन का पहला ड्रॉ रहा टेबल टॉपर का

इंडियन सुपर लीग में शुक्रवार को प्वाइंट टेबल में टॉप पर चल रहे बेंगलुरु एफसी ने पुणे के खिलाफ अपना पहला ड्रॉ मैच खेला।
2 min read
• •
Updated: 17 Feb 2018, 10:29 AM IST
isl

बेंगलुरु। हीरो इंडिनय सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के सेमीफाइनल में पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी बेंगलुरू एफसी ने शुक्रवार को इस सीजन का अपना पहला ड्रॉ मैच खेला। श्री कांतिरावा स्टेडियम में उसने एफसी पुणे सिटी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। बेंगलुरू की टीम सीजन में पहले ड्रॉ से थोड़ी मायूस जरूर होगी लेकिन, पुणे की टीम इस परिणाम से ज्यादा निराश होगी।

पुणे ने पहला गोल करते हुए बढ़त हासिल कर ली थी और उसे काफी समय तक बरकरार भी रखा था, लेकिन 75वें मिनट में गोल करते हुए मीकू ने मैच बराबरी पर ला दिया और फिर अंत तक यही स्कोर कायम रहा। इस मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। बेंगलुरू के 16 मैचों से 34 अंक हो गए हैं जबकि पुणे के इतने ही मैचों से 29 अंक हो गए हैं।

पुणे अगर यह मैच जीत जाती तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय था, लेकिन अब उसे अगले मैच का इंतजार करना होगा। साथ ही पुणे की टीम इस मैच को जीतकर पहले चरण के मुकाबले में बेंगलुरू के हाथों मिली 2-3 की हार का भी हिसाब बराबर कर लेती, लेकिन मीकू ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

मेजबान टीम ने इस मैच की धमाकेदार शुरूआत की। उसने दूसरे मिनट में ही एक शानदार मौका बनाया था। टोनी डोनोवाल और उदांता सिंह ने साथ मिलकर एक अच्छा मूव बनाया और बाक्स में मीकू को बेहतरीन पास दिया। मीकू ने लो शाट लिया लेकिन बलजीत साहनी ने स्लाइड करते हुए गेंद को बाहर कर दिया। यहां बलजीत से आत्मघाती गोल होने का भी खतरा था।

22वें मिनट में पुणे ने अपने सबसे बड़े स्टार और कप्तान मासेर्लो लीते परेरा की मदद से एक खतरनाक मूव बनाया। मार्सेलिन्हो ने अपने मार्कर को छकाते हुए गेंद एमिलियानो एल्फारो को दी, जिन्होंने सार्थक को एक सटीक पास दिया। सार्थक ने गेंद पर तेजी से हमला करने की बजाय उसे चालाकी से हल्के पैरों से पोस्ट में डालकर पुणे को 1-0 से आगे कर दिया। पहले हाफ का अंत इसी स्कोर के साथ हुआ।

दूसरे हाफ में मार्सेलिन्हो ने 56वें मिनट में एक अच्छा मूव बनाया और डिएगो कार्लोस को बाक्स में पास दिया। कार्लोस के पास बढ़त को दोगुना करने का मौका था लेकिन वह गेंद को बाहर मार बैठे। जवाब में बेंगलुरू ने भी 58वें मिनट में एक हमला किया। डिमास डेल्गाडो ने मीकू को एक बेहतरीन थ्रू बाल दिया। मीकू ने पहले ही प्रयास में जोरदार शाट लिया लेकिन वह गेंद को बाहर मार बैठे। 69वें मिनट में बेंगलुरू ने हैंडबाल पर पेनाल्टी की अपील की लेकिन रेफरी ने उसे नकार दिया।

74वें मिनट में लेनी रोड्रिग्वेज के स्थान पर एएफसी कप में बेंगलुरू के लिए विजयी गोल करने वाले सेम्बोई हाओकिप ने मैदान का रुख किया। इसी मिनट में विशाल कैथ ने कप्तान सुनील छेत्री और मीकू के एक प्रयास को नाकाम कर दिया लेकिन दो मिनट बाद वह मीकू के एक और प्रयास पर नाकाम हो गए और बेंगलुरू ने बराबरी का गोल कर दिया। मीकू ने यह गोल हाओकिप की मदद से किया।

79वें मिनट में पुणे के साहिल पवार को पीला कार्ड मिला। इसके एक मिनट बाद कैथ ने एक और अच्छा बचाव किया और पुणे को पिछड़ने से बचाया। 85वें मिनट में जुआनन को पीला कार्ड मिला। अतिरिक्त समय में मीकू बहुत करीब से गोल करने से चूक गए। यह प्रयास छेत्री और होआकिप ने मिलकर किया था। खेल खत्म होने से कुछ सेकेंड पहले गुरप्रीत ने मार्सेलिन्हो का एक अच्छा प्रयास नाकाम किया।

Published on: