फुटबॉल

ISL-4 : गोवा को 1-0 से हराकर तीसरे स्थान पर पहुंचा चेन्नइयन

इंडियन सुपर लीग में गुरुवार को खेले गए 15वें दौर के मुकाबले में चेन्नइयन एफसी ने मेजबान गोवा एफसी को मात दी।
2 min read
• •
Updated: 16 Feb 2018, 8:30 AM IST
isl

नई दिल्ली। चेन्नयन एफसी ने गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए अपने 15वें दौर के मुकाबले में मेजबान एफसी गोवा को 1-0 से हराकर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। बेंगलुरू एफसी 33 अंकों के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है जबकि एफसी पुणे सिटी 28 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। चेन्नई के खाते में अब 27 अंक हो गए हैं। गोवा 14 मैचों से 20 अंकों के साथ अब भी छठे स्थान पर है। घर में मिली इस सीजन की तीसरी हार ने आगे जाने के गोवा के रास्ते को और भी मुश्किल बना दिया है।

अगले दौर में पहुंचने में उम्मीदें बरकरार -
चेन्नई ने गोवा को हराकर न सिर्फ अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और मजबूती प्रदान की है बल्कि उसने पहले चरण में अपने घर में गोवा के हाथों मिली हार का भी हिसाब बराबर कर लिया है। पहले चरण के मुकाबले में गोवा ने चेन्नई को 2-0 से हराया था। चेन्नई के लिए यह सीजन-4 के पहले ही मुकाबले में चौंकाने वाला परिणाम था।

52वें मिनट में हुआ मैच का एक मात्र गोल -
चेन्नई के लिए मैच का एकमात्र गोल इनिगो काल्डेरॉन ने 52वें मिनट में किया। गोवा के गोलकीपर नवीन कुमार ने ग्रेगरी नेल्सन के करारे शॉट को काफी करीब से रोक दिया था लेकिन जेजे लालपेखुलवा ने यहां समझदारी दिखाते हुए रीबाउंड हुई गेंद को अपने कब्जे में लिया और बाएं किनारे से गोलपोस्ट के मध्य में खड़े काल्डेरॉन को पास दिया। काल्डेरान ने बिना देरी के गेंद को पोस्ट में डाल दिया। गोललाइन पर खड़े नारायन दास कुछ नहीं कर सके।

बेंगुलरु पहुंच चुका है सेमीफाइनल में -
इंडियन सुपर लीग में इस बार पहली बार भाग ले रहा बेंगलुरु एफसी पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। सुनील छेत्री की कप्तानी में बेंगलुरु ने इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टीम प्वाइंट टेबल में अब भी शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

Published on: