इंडियन सुपर लीग में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। राजधानी दिल्ली में दिल्ली की भिड़ंत चेन्नइयन से जबकि पुणे की भिड़ंत मायानगरी में मुंबई से होगी।
नई दिल्ली। चेन्नइयन एफसी की टीम आज हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में दिल्ली डायनामोज से उसके घर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भिड़ेगी। दिल्ली के लिए लीग के प्लेऑफ का सफर लगभग खत्म हो चुका है लेकिन चेन्नइयन इस मैच में अंतिम चार में जगह बनाने की कोशिश में है। चेन्नइयन की टीम इस समय 23 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, लेकिन आगे जाने के लिए उसके पास अभी मैच बाकी हैं। चेन्नइयन को अपने अंतिम मैच में बेंगलुरू एफसी के खिलाफ हार मिली थी और उसका लीग का पैटर्न यह दर्शाता है कि वह दिल्ली को मात दे देगी। दिल्ली ने इस पूरे सीजन में सिर्फ दो मैच जीते हैं।
कोच ने साथ ही टीम के दबाव न झेल पाने की कमजोरी पर भी बात की। साथ ही कहा कि चेन्नइयन निश्चित ही उनकी इस कमी का फायदा उठाना चाहेगी। चेन्नइयन के मुख्य कोच जॉन ग्रेगोरी इस मैच की अहमियत को जानते हैं और उनकी कोशिश ज्यादा से ज्यादा इस मैच में फायदा उठाने की है, लेकिन वह इस मैच में कुछ अन्य खिलाड़ियों को मौका भी दे सकते हैं। ग्रेगोरी ने कहा कि उनके लिए यह आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी टीम को हल्के में लेना गलती होगी। चेन्नई एक ऐसी टीम है जिसने दिल्ली के साथ अंक बांटे हैं। इन दोनों टीमों के बीच पिछला मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था।
अपने घर में पुणे से भिड़ेगी मुंबई -
मुंबई सिटी एफसी आज अपने घर मुंबई फुटबाल ऐरना में एफसी पुणे सिटी के खिलाफ हीरो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे सीजन के दूसरे महाराष्ट्र डर्बी मुकाबले में उतरेगी। उसे शीर्ष-4 में जाने के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। मुंबई के कोच एलेक्जेंडर गुइमारेस इस बात को जानते हैं कि उनकी टीम भी इस बात से वाकिफ है। इस समय 13 मैचों में 17 अंकों के साथ अंकतालिका में सातवें स्थान पर काबिज मुंबई के अभी भी शीर्ष-4 में पहुंचने की संभावना है। लेकिन इसके लिए उन्हें लगातार मैच जीतने होंगे। मुंबई सिटी का मौजूदा घरेलू फॉर्म अच्छा है। उसने घर में लगातार तीन मैच जीते हैं। उसने घर में जमशेदपुर एफसी को 2-1 से मात दी थी और बेंगलुरू एफसी को भी 2-0 से हराया था। वहीं तीसरे मैच में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से मात दी थी।
गुइमारेस फॉर्म से बाहर चल रहे बलवंत सिंह का भी बचाव किया है और कहा है कि वह कल होने वाले मैच में अच्छा करेंगे। वहीं एफसी पुणे सिटी की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। उनकी नजरें टॉप-4 में अपनी जगह पक्की करने पर होंगी। पिछले मैच में उनके कोच रैंको पोपोविक मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बाद भी पुणे की टीम नार्थईस्ट को मात देने में सफल रही थी।
पुणे के 14 मैचों में 25 अंक हैं। पुणे आईएसएल में पहली बार प्लेऑप में जाने के करीब है। लेकिन संवाददाता सम्मेलन में पुणे के कोच व्लाडिका ग्रुजिक ने टीम को सावधान किया है। दोनों टीमों के बीच पुणे में हुए पिछले मैच में पुणे ने मुंबई को 2-1 से मात दी थी।