फुटबॉल

ISL-4: नार्थईस्ट युनाइटेड का सामना दिल्ली डायनामोज से, प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है दोनों टीमें

आईएसएल में आज नार्थ ईस्ट का सामना दिल्ली से होगा। प्ले ऑफ से बाहर हो चुकी दोनों टीमों का इरादा प्वाइंट टेबल में अपनी स्थिति सुधारने की होगी।

2 min read

गुवाहाटी। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में आज नार्थईस्ट युनाइटेड अपने घर इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में दिल्ली डायनामोज की मेजबानी करेगी। यह दोनों टीमें प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी हैं। अब इन दोनों की कोशिश सिर्फ अंकतालिका में अपना स्थान बेहतर करने की है। इस समय नार्थईस्ट और दिल्ली की टीमें क्रमश: नौवें और 10वें स्थान पर हैं। दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन तो किया है, लेकिन निरंतरता की कमी के कारण यह दोनों टीमें अंतिम-4 में जाने की रेस से हाथ धो बैठीं।

मैच से पहले नार्थईस्ट के ड्रेसिंग रूम में माहौल पर टीम के सहायक कोच एलको स्काटोरी ने कहा कि क्वालीफिकेशन हो या नहीं, लेकिन उनकी टीम अभी भी सकारात्मक है और उनकी टीम सभी पेशेवर खिलाड़ियों को अपना 100 फीसदी देने को तैयार है।

नार्थईस्ट ने सीजन की शुरुआत जाओ डे डेयूस पियर्स के कोच रहते हुए की थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और इसलिए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। उनके स्थान पर अव्राम ग्रांट को टीम में जगह मिली थी। हालांकि कोचिंग स्टाफ में बदलाव उसके प्रदर्शन को सुधार नहीं सका। टीम के प्रदर्शन पर एल्को ने कहा कि उनकी टीम को शानदार खिलाड़ियों की जरूरत है।

दिल्ली ने सीजन की शुरुआत पहले मैच में एफसी पुणे सिटी को मात देकर की थी। लेकिन इस मैच के बाद वह जीत के लिए तरसती रह गई और उसे हार पर हार मिली। उसने अपनी दूसरी जीत इस सीजन की सबसे मजबूत टीम बेंगलुरू एफसी को हरा कर दर्ज की थी। अपने आखिरी मैच में चेन्नइयन के खिलाफ उसका मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था।

टीम के कोच मिग्युएल एंजेल पुर्तगाल ने बताया कि इस मैच में उनके कई दिग्गज खिलाड़ी नहीं उतरेंगे। उन्होंने कहा, "हां नंदू, ईडू मोया, अल्बिनो, रोमियो, लुमु को पिछले मैच से उबरने का समय नहीं मिला। इसके फर्क नहीं पड़ता। हम अपना सर्वश्रेष्ठ खेलने और जीतने की कोशिश करेंगे।"

ये भी पढ़ें

ISL-4 : चेन्नइयन और दिल्ली का मुकाबला बराबरी पर रहा, प्वाइंट टेबल में कोई बदलाव नहीं
Published on:
14 Feb 2018 02:22 pm
Also Read
View All