फुटबॉल

ISL-4: पुणे से आज घर में भिड़ेगी नार्थईस्ट, पिछली हार का लेना चाहेगी बदला

इंडियन सुपर लीग में आज नार्थईस्ट का सामना पुणे सिटी एफसी से होगा। यह मैच गुवाहटी में खेला जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 7 Feb 2018, 1:46 PM IST
isl

गुवाहाटी। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में आज एफसी पुणे सिटी एफसी का सामना नार्थईस्ट युनाइटेड से होगा। पुणे अपने पिछले मैच में हार के बाद इस मैच में एक बार जीत के रास्ते पर वापस लौटना चाहेगी। पुणे को हालांकि इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में होने वाले इस मैच में मेजबान टीम से मिलने वाली चुनौती का पूरा अंदाजा है। नार्थईस्ट की टीम अपने घरेलू मैदान पर जोरदार वापसी करना चाहेगी। साथ ही घरेलू दर्शकों के बीच पिछले मैच में मिले हार का बदला चुकाने का इरादा होगा।

पुणे की मुसीबत है ये -
रैंको पोपोविक की टीम को अगर इस मैच में हार मिलती है तो उससे जमशेदपुर एफसी और एफसी गोवा को फायदा पुहंचेगा और पुणे के शीर्ष-4 में जाने का अभियान संकट में पड़ सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि पुणे इस स्थिति में आती है या नहीं। इस मैच में पुणे पिछले मैच में नार्थईस्ट युनाइटेड के खिलाफ 5-0 से मिली जीत से मानसिक बढ़त लेते हुए उतरेगी। लेकिन पुणे के लिए एक मुसीबत यह है कि वह शीर्ष-4 में शामिल टीमों में सबसे ज्यादा पांच मैच हारी है।

प्वाइंट टेबल में 9वें स्थान पर नार्थईस्ट -
नार्थईस्ट की टीम 10 टीमों की अंकतालिका में नौवें स्थान पर है। गोवा के खिलाफ हुए पिछले मैच में नार्थईस्ट ने 2-2 से ड्रॉ खेला था। नार्थईस्ट के कोच अव्राम ग्रांट जानते हैं कि उन्हें अपनी टीम से दूसरी टीमों के खिलाफ क्या चाहिए। आंकड़ों के खेल को देखा जाए तो नार्थईस्ट अभी भी शीर्ष-4 में जाने की स्थिति में है, लेकिन ग्रांट का कहना है कि उनका ध्यान इस मैच पर है। नार्थईस्ट ने अपने पिछले पांच मैचों में से दो में जीत हासिल की जबकि दो में उसे हार मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा है, लेकिन ग्रांट की कोशिश ज्यादा से ज्यादा अंक जुटाने की है।

Published on: