फुटबॉल

ISL: अपने मुख्य कोच के बिना मैदान में उतरेगी केरला और पुणे की टीम, जानें क्या है माजरा

इंडियन सुपर लीग में आज केरला और पुणे के बीच मैच खेला जाना है। इस मैच में दोनों टीमें अपने मुख्य कोच के बिना उतर रही है।
2 min read
• •
Updated: 4 Jan 2018, 11:19 AM IST
kerla vs pune

नई दिल्ली। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में आज (गुरुवार) को केरला ब्लास्टर्स का सामना जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एफसी पुणे सिटी से होगा। इस मैच में दोनों टीमें अपने मुख्य कोचों के बिना उतरेंगी। ब्लास्टर्स ने मंगलवार को ही अपने कोच रेने मेयुलेनस्टीन से नाता तोड़ लिया, वहीं पुणे के कोच रेंको पोपोविक पर चार मैचों का प्रतिबंध है। बावजूद इसके दोनों टीमें जोश से भरी हैं और सब कुछ पीछे छोड़ जीत हासिल करना चाहती हैं। ब्लास्टर्स ने मेयुलेनस्टीन के साथ आम सहमति से अपने रास्ते अलग किए हैं। मेयुलेनस्टीन ने इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड में दिग्गज कोच एलेक्स फग्र्यूसन के साथ काम किया है। टीम ने इस ग्रीष्मकाल में उन्हें अपने साथ जोड़ा था। हालांकि टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी और वह मन माफिक परिणाम हासिल नहीं कर पाई थी।

केरला का प्रदर्शन रहा है काफी बुरा
पहले सात मैचों में सिर्फ एक जीत उसके हिस्से आई है और वह अभी तक पूरे सीजन में फॉर्म से जूझती रही है, लेकिन टीम के प्रशंसकों का समर्थन टीम के साथ है। अपने कोच के जाने के बाद भी ब्लास्टर्स की टीम अपनी पुरानी रणनीति पर ही बने रहना चाहती है। ब्लास्टर्स की टीम मैदान से बाहर और मैदान के अंदर, दोनों तरफ संघर्ष कर रही है, लेकिन रेंको पोपोविक की पुणे सिटी शानदार फॉर्म में है।

लगातार दो मैच जीत चुकी है पुणे की टीम
घर से बाहर पुणे का फॉर्म शानदार रहा है और वह इस मैच में दो लगातार जीत हासिल करते हुए आ रही है। उसने अपने पिछले दो मैचों में एफसी गोवा और नार्थईस्ट यूनाइटेड को मात दी है। टीम के सहायक कोच व्लाडिका ग्रुजिक ने कहा कि उनकी टीम किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी। पुणे भी इस मैच में पोपोविक के बिना उतरेगी, क्योंकि उन पर चार मैचों का प्रतिबंध है।

Published on: