फुटबॉल

ISL : मुंबई के प्लेऑफ में जाने की उम्मीद खत्म कर सकती है दिल्ली

इस मैच के जीतने के बाद भी मुंबई को टूर्नामेंट के प्लेऑफ में जाना तय नहीं होगा, लेकिन वह जीत के साथ अपनी सम्भावनाओं को जिंदा रखना चाहेगी।
2 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 2:39 PM IST
ISL : Mumbai have to win against Delhi to stay in the league

नई दिल्ली। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के एक अहम मुकाबले में आज मुंबई सिटी एफसी जवाहरहाल नेहरू स्टेडियम में अच्छे फार्म में नजर आ रही दिल्ली डायनामोज टीम से भिड़ेगी। मुंबई की टीम हर हाल में यह मैच जीतना चाहेगी। हालांकि, इस मैच के जीतने के बाद भी उसका टूर्नामेंट के प्लेऑफ में जाना तय नहीं होगा, लेकिन इसके बावजूद वह जीत के साथ अपनी सम्भावनाओं को जिंदा रखे रहना चाहेगी। दिल्ली की टीम पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

मुंबई को जीतने होंगे सारे मैच
मुंबई की टीम 16 मैचों से 23 अंक लेकर सातवें स्थान पर है। मुंबई को दिल्ली के अलावा शनिवार को चेन्नयन एफसी से भिड़ना है और उसे इन दोनों मैचों में हर हाल में जीत चाहिए। तब जाकर उसके आगे जाने की सम्भावनाएं बन सकेंगी लेकिन ये पूरी तरह दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेंगी। दोनों मैचों में जीत से मुंबई के खाते में 29 अंक हो जाएंगे, जो क्वालीफाई करने के लिए न्यूनतम योग्यता है। मुंबई को इस बात का संतोष है कि उसे अपने अंतिम मैच में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के खिलाफ जीत मिली थी और कोच एलेक्सजेंडर गुइमारेस ने अपने खिलाड़ियों से लड़ाई की प्रक्रिया जारी रखने के लिए कहा है।

पहले हरा चुका है मुंबई
अपने घर में मुंबई ने दिल्ली को 4-0 से हराया था। इस मैच में दिल्ली के मथायस मिराबाजे को लाल कार्ड मिला था। अब मुंबई जिस टीम से भिड़ेगी, वह पूरी तरह बदली हुई है। ऐसे में गुइमारेस को अंदाजा है कि इस मैच से पूरे अंक लेना कितना कठिन है। प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी दिल्ली की टीम बीते चार मैचों से हारी नहीं है। इस टीम ने मौजूदा चैम्पियन एटीके को अपने घर में खेले गए पिछले मैच में 4-3 से हराया था। दिल्ली ने इस सीजन में बेंगलुरू एफसी को उसके घर में हराया है और चेन्नयन एफसी से ड्रॉ खेला है। इस टीम ने बीते चार मैचों से आठ अंक बटोरे हैं।

कप्तान कालू उचे ने इस सीजन में अब तक 10 गोल किए हैं। उचे मुंबई के खिलाफ अहम भूमिका निभाएंगे। दिल्ली के लिए बीते चार मैचों में उचे ने गोल किए हैं और ऐसे में उनसे एक बार फिर स्टार सरीखे प्रदर्शन की उम्मीद है।

Published on: