फुटबॉल

Neymar Retirement: ब्राजील की फुटबॉल लीग में भी नेमार के खेलने पर सस्पेंस, सैंटोस ने विचार करने के लिए दिया समय

FIFA World Cup 2026 से ब्राजील के बाहर होने और अंतरराष्ट्रीय संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सैंटोस ने उन्हें भविष्य पर फैसला लेने के लिए छुट्टी दी है।
2 min read
Jul 09, 2026
Neymar
नेमार (फोटो- FIFA)

Santos FC on Neymar: ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 से बाहर होने और स्टार फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय संन्यास के ऐलान के बाद अब उनके क्लब करियर को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। ब्राजील की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बचपन के क्लब सैंटोस ने नेमार को अपने भविष्य पर विचार करने के लिए कुछ दिनों की छुट्टी दी है और उनके फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

कॉन्ट्रैक्ट के 6 महीने बाकी

रिपोर्ट के मुताबिक, 34 वर्षीय नेमार के सैंटोस के साथ मौजूदा अनुबंध में अभी छह महीने का समय बाकी है। हालांकि, स्थानीय मीडिया में इस बात को लेकर अटकलें तेज हैं कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद वह क्लब स्तर पर भी खेलना जारी रखेंगे या नहीं। बताया गया है कि सैंटोस प्रबंधन छुट्टियों के बाद नेमार और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके अगले कदम पर चर्चा करेगा।

नेमार फिलहाल अपने परिवार के साथ अमेरिका में ही समय बिताएंगे और उन्हें कम से कम 10 दिनों का अवकाश दिया गया है। उन्होंने रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में नॉर्वे के खिलाफ 2-1 की हार के बाद ब्राजील की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इस हार के साथ ब्राजील का फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सफर समाप्त हो गया था।

ब्राजील के बाहर होने के बाद नेमार ने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा था, "मैंने पूरी कोशिश की। अब यह सफर खत्म हो गया है। मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं इसका अंत भी हुआ।"

पिता ने खेलते रहने की दी सलाह

ब्राजील की हार के बाद नेमार के पिता ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने अपने बेटे से क्लब फुटबॉल जारी रखने की अपील करते हुए लिखा, "एक पिता के तौर पर मेरी सिर्फ एक इच्छा है कि नेमार, फुटबॉल खेलते रहो। गेंद को फिर से अपने पैरों में महसूस करो और मैदान पर मुस्कुराते हुए लौटो।"

जनवरी 2025 में अपने बचपन के क्लब सैंटोस में वापसी करने वाले नेमार अब तक सभी प्रतियोगिताओं में 43 मैच खेल चुके हैं। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने लगातार चोटों और लगभग तीन साल की अंतरराष्ट्रीय गैरमौजूदगी के बावजूद उन्हें विश्व कप टीम में शामिल किया था। टूर्नामेंट में नेमार दो मुकाबलों में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे और नॉर्वे के खिलाफ पेनल्टी पर गोल भी किया। अब फुटबॉल जगत की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नेमार क्लब स्तर पर अपना करियर जारी रखते हैं या संन्यास का फैसला लेते हैं।

Updated on:
09 Jul 2026 08:06 am
Published on:
09 Jul 2026 08:06 am