गरियाबंद

छत्तीसगढ़ में 10 से ज्यादा शिक्षक दो दिनों से स्कूलों से गायब! पुरी घूमने जाने की चर्चा, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Chhattisgarh News: फिंगेश्वर ब्लॉक के कौंदकेरा संकुल में 10 से ज्यादा शिक्षकों के दो दिनों तक स्कूल नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 4:48 PM IST
Chhattisgarh News
10 से ज्यादा शिक्षक दो दिनों से स्कूलों से गायब (photo Patrika)

Chhattisgarh Education News:फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल में शिक्षकों की सामूहिक अनुपस्थिति ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संकुल क्षेत्र के 10 से अधिक शिक्षक पिछले दो दिनों से स्कूलों में अनुपस्थित बताए जा रहे हैं। इनमें संकुल समन्वयक भी शामिल हैं। चर्चा है कि संबंधित शिक्षक आकस्मिक अवकाश लेकर ओडिशा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जगन्नाथ पुरी घूमने गए हैं। हालांकि उनके अवकाश के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शिक्षकों की अनुपस्थिति से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।

10 से अधिक शिक्षक एक साथ अवकाश पर कैसे चले गए

जानकारी के अनुसार कौंदकेरा संकुल के विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की गैरमौजूदगी के चलते विद्यालयों का संचालन स्कूल प्रभारियों के भरोसे चल रहा है। नियमित अध्यापन की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षकों के अनुपस्थित रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक ही संकुल के 10 से अधिक शिक्षक एक साथ अवकाश पर कैसे चले गए, क्या विभाग ने उनकी अनुपस्थिति के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था की थी, संकुल समन्वयक के भी अनुपस्थित रहने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

सवालों के घेरे में विभागीय निगरानी

स्कूलों में नियमित अध्यापन और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में एक ही संकुल के 10 से अधिक शिक्षकों की एक साथ अनुपस्थिति विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिक्षा विभाग अवकाश की वैधता और शिक्षकों की अनुपस्थिति की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका

इस संबंध में संकुल समन्वयक नरेश साहू से संपर्क करने पर उन्होंने सभी शिक्षकों के ऑनलाइन अवकाश लेने की बात कही। यात्रा में स्वयं शामिल होने के सवाल पर उन्होंने फोन काट दिया। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर खबर प्रकाशित नहीं करने का आग्रह किया। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Updated on:
18 Nov 2026, 4:48 PM IST
Published on: