गरियाबंद

Chhattisgarh School Openings: छत्तीसगढ़ में 16 जून से खुलेंगे स्कूल, 270 विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, शिक्षा व्यवस्था पर बड़ी चुनौती

Government school teacher crisis:270 विद्यालयों में शिक्षकों की कमी शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता पर इसका असर पड़ने की आशंका है।

2 min read
Jun 15, 2026
Chhattisgarh School Openings:
सरकारी स्कूल की तस्वीर (Photo Patrika)

Teacher Shortage in Schools: राजिम में लगभग दो माह के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विकासखंड के सभी स्कूल 16 जून से नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पुन: खुलेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार 20 अप्रैल से 15 जून तक अवकाश के बाद अब मंगलवार से विद्यालयों में विद्यार्थियों की चहल-पहल फिर से दिखाई देगी। नए सत्र के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी और शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बाजारों में पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल ड्रेस और अन्य शैक्षणिक सामग्री की खरीदारी बढऩे की संभावना है।

School Education Update: शिक्षकों की कमी गंभीर समस्या

पिछले शिक्षा सत्र में गरियाबंद जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर रहा, जिससे जिले में खुशी का माहौल है। शिक्षा विभाग और शिक्षक इस वर्ष भी बेहतर परिणाम के लिए प्रयासरत हैं। नए सत्र की शुरुआत से पहले शिक्षकों की कमी एक गंभीर समस्या के रूप में सामने आई है। विकासखंड के कई प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकंडरी विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

चार शिक्षकों के पद खाली

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), राजिम में चार शिक्षकों के पद खाली हैं। वहीं हिंदी माध्यम विद्यालय में लगभग 12 शिक्षकों की कमी बताई जा रही है। सिंधौरी हाई स्कूल में भी एक शिक्षक का पद रिक्त है। पालकों का कहना है कि यदि समय पर रिक्त पद नहीं भरे गए तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र भर्ती की मांग की है।

गर्मी और सुविधाओं की कमी से परेशानी

इन दिनों भीषण गर्मी भी छात्रों और शिक्षकों के लिए समस्या बन रही है। कई स्कूल भवनों में पंखे, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। कुछ कक्षाओं में पंखे तक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे पढ़ाई कठिन हो सकती है। अभिभावकों ने मांग की है कि स्कूलों में पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाएं तुरंत सुनिश्चित की जाएं।

शिक्षा विभाग की तैयारी

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने बताया कि 16 जून से नए सत्र की शुरुआत के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सभी बीईओ, डीआरपी और एबीओ की बैठक आयोजित की गई है। सोमवार को जिला कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ की उपस्थिति में बैठक होगी, जिसमें शिक्षा संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां शिक्षकों की कमी है, वहां अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू ने बताया कि विकासखंड फिंगेश्वर-राजिम में कुल 155 प्राथमिक शालाएं, 79 पूर्व माध्यमिक, 12 हाईस्कूल, 22 हायर सेकंडरी और 2 स्वामी आत्मानंद विद्यालय संचालित हैं। इस प्रकार कुल 270 शासकीय विद्यालय कार्यरत हैं।

Published on:
15 Jun 2026 04:28 pm