गरियाबंद

Whatsapp पर किया वायरल, जब हुई कार्रवाई तो कहा- मुझे तो TouchScreen यूज़ करना आता ही नहीं

व्हाट्सअप पर पहले किया भड़काऊ पोस्ट वायरल, कार्रवाई के दौरान मुकरा
2 min read
• •
Updated: 5 Apr 2018, 6:54 PM IST
police

नवापारा-राजिम. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरोध में पिछले दिनों सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लोगों द्वारा भारत बंद कराने के बाद सोशल मीडिया में वाद-विवाद जारी हो गया है। व्हाट्सअप में शिक्षाकर्मी नारायण सोनवानी द्वारा बीती रात ब्राम्हण समाज के विरुद्ध बेहद ही आपत्तिजनक पोस्ट डालने से ब्राम्हण समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

इस बात की जानकारी नगर समाज के लोगों द्वारा प्रादेशिक स्तर पर पहुंचाते हुए मार्गदर्शन मांगा गया। जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही हेतु प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई। इसके तहत् समाज के प्रांताध्यक्ष ललित मिश्रा आज दोपहर नगर पहुंचे। जिनके नेतृत्व में नगर ब्राम्हण समाज के 100 से अधिक महिला-पुरुष व युवा थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारी आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे।

इस बीच आरोपी को फोन कर थाने बुला लिया गया था। पुलिस अधिकारियों से प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कह दिया कि आरोपी ने जो घृणित पोस्ट डाला है, वह बेहद ही आपत्तिजनक है। यह न केवल ब्राम्हण समाज बल्कि देश की प्रत्येक महिला का अपमान है। ऐसे में आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के सिवाय वे अन्य किसी बात पर सहमत नहीं हैं। अगर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही नहीं की जाती है तो ब्राम्हण समाज के अलावा प्रदेश के अन्य समाजों को साथ लेकर उग्र प्रदर्शन करने बाध्य हो जाएंगे।

महीने पहले ही मोबाइल खरीदा है, व्हाट्सअप चलाना नहीं आता

इधर आरोपी ने अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शनकारियों से हाथ जोडक़र माफी मांगते हुए तर्क दिया कि उसने दो महीने पहले ही मोबाइल खरीदा है। उसे व्हाट्सअप वगैरह चलाना नहीं आता। उसके पास यह मैसेज किसी ग्रुप से आया था और उसकी छोटी बेटी से संभवत: यह गलती हो गई है। आरोपी के इस तर्क को ब्राम्हण समाज के लोगों ने सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेते हुए उसे हिरासत में लिया और धारा 153 (क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया।टीआई एमएस ठाकुर ने बताया कि फिलहाल एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपी को कल जेल भेजा जाएगा।

Published on: